भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज को लेकर नजम सेठी ने दिया बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने नजम सेठी को बुधवार को अपना नया चेयरमैन नियुक्त किया। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के चेयरमैन सेठी को लाहौर राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी में हुई बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। अब सेठी बोर्ड अध्यक्ष पद के लिए शहरयार खान की जगह लेंगे और उनका कार्यकाल 3 साल का होगा।
बता दें कि 2013-14 में भी सेठी ने ही पीसीबी चेयरमैन का पद संभाल रखा था। सेठी अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के 30वें चेयरमैन बने हैं। दोबारा पद हासिल करने के बाद सेठी ने बोर्ड सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब बोर्ड की अगली चुनौती पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट को दोबारा जिंदा करने की रहेगी।
सेठी को बधाई देते हुए शहरयार खान ने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन में पाकिस्तान क्रिकेट नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और इंटरनेशनल क्रिकेट की पाकिस्तान में वापसी होगी।'
भारत-पाकिस्तान सीरीज पर दिया ऐसा बयान
चेयरमैन बनने के बाद नजम सेठी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट रिश्तों पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वो भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज के लिए कोई दरवाजा बंद नहीं करने वाले हैं। सेठी ने कहा, 'जैसे ही भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते सुधरेंगे भारत सरकार बीसीसीआई को पाकिस्तान से द्विपक्षीय सीरीज खेलने की इजाजत दे देगी।'
आपको बता दें पीसीबी के पिछले अध्यक्ष शहरयार खान ने बयान दिया था कि उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी नाकामी भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट रिश्तों को बहाल नहीं कर पाना था। अब सेठी के सामने भी सबसे बड़ी चुनौती भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज आयोजित कराना ही होगी।
याद हो कि पीसीबी का नया चेयरमैन बनने से एक दिन पहले नजम सेठी ने बीसीसीआई के खिलाफ एक बड़ी मांग की थी। उन्होंने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए यहां होने वाले आगामी टूर्नामेंटों को किसी अन्य तटस्थ स्थल पर करवाने की मांग की थी।
भारत को नवंबर में अंडर-19 एशिया कप की मेजबानी करना है, लेकिन सेठी ने कहा कि वह एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की इस हफ्ते होने वाली बैठक में इसका आयोजन किसी अन्य स्थान पर करने के लिए कहेगा।