युवी के बाद वीरू का भी जवाब, ठोका शतक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऐसा लगता है कि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची से बाहर किए जाने के बाद दिग्गज क्रिकेटरों ने अपने-अपने बल्ले से चयनकर्ताओं को जवाब देना शुरू कर दिया है।
पिछले महीने चयनकर्ताओं ने वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, गौतम गंभीर, जहीर खान और हरभजन सिंह को बाहर का रास्ता दिखाते हुए वर्ल्ड कप के लिए युवा क्रिकेटरों को तरजीह दी। वर्ल्ड कप की संभावित सूची से बाहर किए जाने के बाद ऐसा लग रहा था कि इन दिग्गज क्रिकेटरों का करियर समाप्ति के कगार पर पहुंच गया है।
लेकिन इसके बाद कभी टीम इंडिया की जीत के ट्रंप कार्ड माने जाने वाले युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग बिना किसी प्रतिक्रिया के आगे खेलते रहे। प्रथम श्रेणी क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में युवराज ने शतकों की हैट्रिक लगा दी तो सहवाग भी हैट्रिक की ओर बढ़ रह हैं क्योंकि आज सोमवार को उन्होंने लगातार दूसरा शतक ठोक दिया।
सहवाग ने रणजी में लगाई बैक-टू-बैक सेंचुरी
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग ने रोहतक में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ मैच के पहले दिन ही शतक ठोक दिया।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक दिल्ली ने 7 विकेट पर 278 रन बना लिए थे। क्रीज पर सहवाग (147) और सुमित नरवाल (2) खेल रहे थे। शतकीय पारी खेलने वाले सहवाग ने रजत भाटिया के साथ चौथे विकेट के लिए 186 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। अपनी विस्फोटक पारी के लिए पहचान रखने वाले सहवाग ने आज चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सहवाग का यह 41वां शतक है।
दिल्ली के पूर्व कप्तान सहवाग ने पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ 105 रनों की पारी खेली थी। हालांकि टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार उन्होंने 60 से ज्यादा का स्कोर किया है। राजस्थान के खिलाफ उन्होंने 64 रन बनाए थे।
हालांकि पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिलने के बाद दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने महज 41 रन के अंदर अपने 4 विकेट गंवा दिए। ओपनर उन्मुक्त चंद 5, वरुण सूद 1, कप्तान गौतम गंभीर 21 और मिथुन मन्हास 0 सस्ते में आउट हो गए। हरियाणा के पूर्व अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज जोगिंदर शर्मा ने 3 विकेट झटके।