गद्दाफी स्टेडियम के पास हुआ धमाका आत्मघाती हमला था: पाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मार्च, 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आतंकी हमले के बाद से किसी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने पाक का दौरा नहीं किया था। लंबे जद्दोजहद के बाद जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान का दौरा करने की हामी भरी और एक छोटी सी सीरीज के लिए अपनी टीम भेज दी।
जिम्बाब्वे पिछले 6 साल में पाक का दौरा करने वाली पहली टेस्ट मैच खेलने वाली टीम है। इस दौरे के दौरान दोनों टीमों के बीच 2 ट्वंटी-20 मैच और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। पाक ने इस सीरीज के लिए जबर्दस्त सुरक्षा व्यवस्था का वादा किया था।
पाक ने अपने इस वायदे को पूरा करने के लिए काफी पैसा खर्च किया। यहां तक जिम्बाब्वे के खिलाफ सभी पांचों मैच एक ही स्टेडियम लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में कराने का निर्णय लिया। मेहमान टीम की सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पाक की पैरामिलिट्री फोर्स पाक रैंजर्स की दो कंपनियां भी इस सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई हैं।
लेकिन तमाम सुरक्षा व्यवस्था के बीच गद्दाफी स्टेडियम में दूसरे वनडे मैच के दौरान पाकिस्तान की पारी के बीच जबर्दस्त धमाका हो गया। यह धमाका एक नहीं बल्कि दो बार हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग डर गए।
रात 9 बजे दूसरे वनडे में पाकिस्तान की पारी के दौरान हुए इस धमाके के बारे में पहले कहा जा रहा था कि यह एक साधारण धमाका है लेकिन शनिवार को पाक के सूचना मंत्री ने कहा है कि यह आत्मघाती हमला था।
आतंकी को रोकने के चक्कर में पुलिसवाले ने गंवा दी जान!
पाकिस्तान के सूचना मंत्री परवेज राशिद ने एक स्थानीय टीवी चैनल से कहा, "गद्दाफी स्टेडियम पर आतंकी हमला करने की कोशिश को सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम कर दिया है। इस दौरान कलमा चौक पर आक्रमणकारी को रोकने के प्रयास में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई।"
सूचना मंत्री ने बताया कि इस धमाके से एक पुलिस अधिकारी 2 लोगों को मौत हो गई। गद्दाफी स्टेडियम से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर कलमा चौक के पास एक सब-इंस्पेक्टर और एक नागरिक की मौत उस समय हो गई जब आत्मघाती हमलावर रिक्शा पर चढ़ने के दौरान खुद को बम से उड़ा दिया।
लाहौर के पुलिस चीफ अमीन वैंस ने कहा, "ऑटो रिक्शा में गैस सिलेंडर फिक्स किया गया था जो बाद फट गया। एक पुलिसकर्मी समेत 2 लोगों की मौत हो गई है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने घटनास्थल से कुछ नमूने इकट्ठे किए हैं।"
इस आत्मघाती हमले में 4 पुलिसकर्मी और एक नागरिक घायल हुआ है। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती करा दिया गया लेकिन वहां पर घायलों में से 2 लोगों की मौत हो गई।
हालांकि पुलिस ने किसी तरह की आत्मघाती हमले से इनकार किया है। घटना के तुरंत बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक बयान जारी कर कहा था कि यह एक ट्रांसफार्मर धमाका है।
स्टेडियम के बेहद करीब बिजली के ट्रांसफार्मर में दो बार धमाका हुआ। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इस धमाके से एक ऑटो रिक्शा और 3 मोटरसाइकिल भी ध्वस्त हो गया जबकि 2 सुरक्षाकर्मियों को चोट लग गई।
उसने बताया कि सीनियर पुलिस अधिकारी के अनुसार धमाका स्टेडियम के करीब कलमा चौक के पास हुआ। यह धमाका त्रिस्तरीय सुरक्षा के दायरे के बीच हुआ। 800 मीटर की दूरी पर फीफा हाउस भी है।