पूर्व क्रिकेटर ने कहा- युवा पृथ्वी शॉ को टीम इंडिया की तरफ से खेलने के लिए ऐसा करना होगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और चयनकर्ता दिलिप वेंगसरकर ने मुंबई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को सफलता का मंत्र दिया है। उन्होंने मुंबई के इस युवा बल्लेबाज को सलाह दी कि यदि वह भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं, तो उन्हें अपना ध्यान खेल पर केंद्रित करना होगा।
यह बात पूर्व मुख्य चयनकर्ता वेंगसरकर ने बंबई जिमखाना में मुंबई खेल पत्रकार संघ के पुरस्कार समारोह के दौरान कही। उन्होंन कहा, 'मैंने पृथ्वी को ज्यादा खेलते हुए नहीं देखा है। मगर उसके बारे में काफी सुना है कि वह अच्छा खिलाड़ी है। यदि वह कड़ी मेहनत करता है और अपना ध्यान केंद्रित रखता है, तो वह भारत के लिए खेलेगा।'
पढ़ेंः- दिलीप ट्रॉफी फाइनल में 17 साल के पृथ्वी शॉ ने किया बड़ा धमाका, पहले भी बनाया था रिकार्ड
गौरतलब है कि रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में पदार्पण करते हुए शतक जड़ने वाले पृथ्वी को साल के सर्वश्रेष्ठ जूनियर क्रिकेटर का पुरस्कार दिया गया। वेंगसरकर ने कहा, 'मुंबई के पूर्व चयनकर्ता मिलिंद रेगे और मुंबई के पूर्व कोच चंद्रकांत पंडित ने मुझसे पूछा कि हमें किसे चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पृथ्वी काफी युवा है। उसे मौका दिया गया और अपने पहले ही मैच में उसने शतक जड़ दिया।'
प्रत्येक मैच अपने पहले मैच की तरह खेलना होगा- वेंगसरकर
उन्होंने कहा, 'प्रदर्शन में निरंतरता महत्वपूर्ण है और आपको प्रत्येक मैच अपने पहले मैच की तरह खेलना होगा और शॉर्ट कट के बारे में नहीं सोचना होगा। आप युवा क्रिकेटर हैं और खेल में पैसा है इसलिए यह आपका ध्यान भंग कर सकता है। इसलिए अपना ध्यान केंद्रित रखें। इस मौके पर महराष्ट्र के खेल मंत्री विनोद तावडे़ और टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर प्रवीण आमरे मौजूद थे।
बता दें कि शॉ ने हाल ही में इंडिया रेड की तरफ से खेलते हुए दलीप ट्रॉफी में इंडिया ब्लू के खिलाफ 154 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, न्यूजीलैंड बनाम बोर्ड प्रेसीडेंट इलेवन अभ्यास मैच में भी उन्होंने 66 रन बनाए थे।
एसजेएएम वार्षिक पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट इस प्रकार है:
साल का सर्वश्रेष्ठ पुरष खिलाड़ी: विदित संतोष गुजराती (शतरंज) और आकाश चिक्ते (हॉकी)
साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाडी: अदिति धुमातकर (तैराकी)
साल का सर्वश्रेष्ठ जूनियर पुरुष खिलाडी: अभिमन्यु पुराणिक (शतरंज)
साल की सर्वश्रेष्ठ जूनियर महिला खिलाड़ी: रायना सलदाना (तैराकी) और दिया चिताले (टेबल टेनिस)
साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (भारतीय खेल): प्रशांत मोरे (कैरम)
साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर: केदार जाधव
साल का सर्वश्रेष्ठ रणजी ट्रोफी क्रिकेटर: अभिषेक नायर
साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर: स्मृति मंधाना
साल का सर्वश्रेष्ठ जूनियर क्रिकेटर: पृथ्वी शॉ
साल की सर्वश्रेष्ठ टीम: मुंबई इंडियंस
साल का विशेष टीम प्रदर्शन: मुंबई सिटी एफसी