आईपीएल में जब सनराइजर्स हैदराबाद का कोई बल्लेबाज छक्का लगाता है, तो स्टैंड्स और डगआउट में बैठी काव्या मारन की खुशी कैमरों में कैद हो जाती है। टीम हारती है, तो उनके चेहरे की मायूसी भी सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरती है। क्रिकेट के मैदान से मिली इसी पहचान के बीच अब काव्या की निजी जिंदगी भी सुर्खियों में है। सन ग्रुप के प्रमुख कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के साथ जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने दोनों की शादी के रिसेप्शन की पुष्टि की है। चेन्नई में 21 नवंबर को होने वाले इस समारोह के लिए मारन परिवार ने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया है। हालांकि, शादी की तारीख की अभी पुष्टि नहीं हुई है। शादी ग्रीस में हो सकती है।
2 of 10
काव्या मारन
- फोटो : ANI/IPL/BCCI
क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली काव्या की जिंदगी का यह नया अध्याय उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ले आया है। एक तरफ करोड़ों का कारोबारी साम्राज्य, दूसरी तरफ आईपीएल में अपनी टीम के लिए जुनून और अब दक्षिण भारतीय संगीत जगत के चर्चित नाम अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी। आखिर कौन हैं काव्या मारन, जिनकी खूबसूरती से लेकर उनके कारोबारी फैसलों तक की चर्चा होती है? आइए जानते हैं...
3 of 10
काव्या मारन
- फोटो : IPL/BCCI
कौन हैं काव्या मारन, जिन पर टिकी रहती हैं कैमरों की नजरें?
काव्या मारन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सीईओ और सह-मालिक हैं। वह सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं। क्रिकेट में उनकी लोकप्रियता आईपीएल के दौरान बढ़ी, जब मैचों और नीलामी के दौरान उनकी प्रतिक्रियाएं लगातार कैमरों में दिखाई देने लगीं। हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ एक क्रिकेट फ्रेंचाइजी की बॉस तक सीमित नहीं है। वह सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं और समूह की डिजिटल रणनीति, खेल तथा मनोरंजन कारोबार से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालती हैं।
4 of 10
सनराइजर्स हैदराबाद सीईओ काव्या मारन
- फोटो : IPL/BCCI
बिजनेस साम्राज्य से क्रिकेट की दुनिया तक
काव्या ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए किया है। वह 2016 से सन टीवी नेटवर्क से जुड़ी हैं और 2019 में कंपनी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनीं। सनराइजर्स हैदराबाद के अलावा, सन ग्रुप की क्रिकेट फ्रेंचाइजी सनराइजर्स ईस्टर्न केप भी है, जिसने दक्षिण अफ्रीका की एसए20 लीग में खिताब जीते हैं। क्रिकेट के प्रति उनकी दिलचस्पी और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ उनकी सक्रिय भूमिका ने उन्हें खास पहचान दिलाई। सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने उन्हें 'आईपीएल मिस्ट्री गर्ल' और 'आईपीएल की ग्लैमसन बॉस' जैसे नाम भी दिए हैं।
5 of 10
काव्या की मां और पिता
- फोटो : Twitter
राजनीतिक और कारोबारी, दोनों दुनिया से जुड़ा है परिवार
काव्या का परिवार कारोबार और राजनीति, दोनों क्षेत्रों में प्रभाव रखता है। उनके पिता कलानिधि मारन ने सन ग्रुप को बड़े मीडिया समूह के रूप में स्थापित किया है। वहीं, उनके चाचा दयानिधि मारन द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं। काव्या के दादा मुरासोली मारन भी केंद्रीय मंत्री रह चुके थे और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के भतीजे थे। इस तरह काव्या का रिश्ता तमिलनाडु के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से भी है। हालांकि उनकी अपनी सार्वजनिक भूमिका मुख्य रूप से कारोबार, मीडिया और क्रिकेट में रही है। मैदान पर काव्या की भावनात्मक प्रतिक्रियाएं उन्हें दूसरे कारोबारी चेहरों से अलग बनाती हैं। टीम की जीत पर उनका उछलना और हार के दौरान निराश होना प्रशंसकों को उनसे जोड़ता है। यही वजह है कि वह फ्रेंचाइजी की कारोबारी पहचान के साथ-साथ उसका लोकप्रिय चेहरा भी बन गई हैं।