पाक टीम भारत के लिए रवाना, रद्द हुआ आज का अभ्यास मैच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार लंबे जद्दोजहद के बाद पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ने भारत के लिए उड़ान भर ही ली। पाक टीम दुबई के रास्ते होते हुए आज शाम 8 बजे तक कोलकाता पहुंचेगी।
पाक टीम सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद भारत में टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई है। सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान ने धर्माशाला में 19 को होने वाले भारत और पाक के बीच मैच के आयोजन स्थल की मांग की थी जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को वर्ल्ड टी-20 मैचों में इस महामुकाबले को धर्मशाला से कोलकाता जाने की घोषणा करनी पड़ी।
पाक मीडिया के अनुसार टीम में कप्तान शाहिद अफरीदी, अहमद शहजाद, शर्जील खान, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, खालिद लतीफ, सरफराज अहमद, अनवर अली, मोहम्मद सामी, इमाद वसीम, वहाब रियाज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद इरफान और मोहम्मद आमिर शामिल हैं। कोच वकार यूनुस के साथ-साथ पीसीबी का दूसरा दल भी टीम के साथ मौजूद है।
भारत की तरफ से सुरक्षा का पक्का भरोसा दिए जाने के बाद पाकिस्तानी सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में भाग लेने की अनुमति दे दी है। शुक्रवार को नई दिल्ली और इस्लामाबाद में अलग-अलग बैठकों के बाद क्रिकेट पर छाया संकट खत्म हुआ। पहले भारत में पाक के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने गृह सचिव राजीव महर्षि से मुलाकात की।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार गृह सचिव ने बासित को भरोसा दिया कि पाकिस्तानी टीम को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। पाक की मुख्य चिंता धर्मशाला में मैच को लेकर थी, जिसका समाधान कर दिया गया है। उसे अब केवल कोलकाता और मोहाली में दो-दो मैच खेलने हैं।
महर्षि से मुलाकात के बाद बासित ने मीडिया से कहा कि उन्हें सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया गया है। वह अपनी सिफारिश पाकिस्तान भेज देंगे। अंतिम फैसला वहीं से किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक बयान जारी कर कहा है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए फूल प्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक बयान जारी कर कहा है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए फूल प्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। वहीं गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि पाकिस्तानी टीम को पूरी सुरक्षा मिलेगी और सभी टीमों को बिना किसी चिंता के भारत आना चाहिए।
उधर पाकिस्तान में पीसीबी की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष नजम सेठी और आंतरिक मामलों के मंत्री चौधरी निसार अली खान के बीच लंबी मंत्रणा हुई। इसी में पाक सरकार ने टीम की भारत यात्रा को हरी झंडी दिखा दी।
टीम के देर आने से पाक का अभ्यास मैच हुआ रद्द
बंगाल की रणजी टीम के साथ पाकिस्तान की टीम का शनिवार को अभ्यास मैच होना था। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और पाक सरकार टीम की सुरक्षा को लेकर अभी भी आश्वस्त नहीं हुई। शायद इसी वजह से पाक टीम शुक्रवार शाम तक यहां नहीं पहुंच सकी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) ने आज होने वाला अभ्यास मैच रद्द कर दिया।
'अफरीदी के लिए खिताब जीतने का अंतिम मौका'
पाकिस्तान टीम के मुख्य प्रशिक्षक वकार यूनुस का मानना है कि भारत में हो रहे वर्ल्ड टी-20 में कप्तान शाहिद आफरीदी के पास कोई बड़ी ट्रॉफी जीतने का अंतिम मौका होगा। भारत के लिए रवाना होने से पहले मुख्य प्रशिक्षक यूनुस ने कहा, "भारत में हो रहे वर्ल्ड टी-20 में कप्तान शाहिद आफरीदी के पास कोई बड़ी ट्रॉफी जीतने का अंतिम मौका होगा। अफरीदी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं और मैं समझता हूं कि यह उनके पास कुछ बड़ी सफलता हासिल करने का अंतिम मौका है।"
उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने में हमारी टीम की फार्म ठीक नहीं रहा है लेकिन वर्ल्ड टी-20 ऐसा प्लेटफार्म है जो मजबूत वापसी करने में मदद कर सकता है। पाकिस्तानी कोच को नहीं लगता कि टीम की भारत रवानगी में देरी का टीम के प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।