{"_id":"667033df006be9f86107ac97","slug":"t20-world-cup-rohit-sharma-coach-dinesh-lad-helped-me-in-my-career-says-usa-cricketer-harmeet-singh-2024-06-17","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"T20 WC: 'रोहित के कोच ने मेरे करियर...', भारत को 2012 U-19 विश्व कप जिता चुके अमेरिकी क्रिकेटर हरमीत का बयान","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
T20 WC: 'रोहित के कोच ने मेरे करियर...', भारत को 2012 U-19 विश्व कप जिता चुके अमेरिकी क्रिकेटर हरमीत का बयान
Mon, 17 Jun 2024 06:32 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 17 Jun 2024 06:32 PM IST
सार
हरमीत 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। अब उन्होंने खुलासा किया है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के कोच दिनेश लाड ने उनके करियर को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विज्ञापन
रोहित शर्मा, सौरभ नेत्रवलकर और हरमीत सिंह
- फोटो : ICC/BCCI
विस्तार
टी20 विश्व कप 2024 में अमेरिका की टीम ने इतिहास रचते हुए सुपर-8 में जगह बना ली है। इस संस्करण में अमेरिका ही एकमात्र एसोसिएट टीम है जिसने पाकिस्तान जैसे बड़े देश को चौंकाते हुए अगले दौर में जगह बनाई। इस टीम के कुछ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें भारतीय मूल के सौरभ नेत्रवलकर और कप्तान मोनांक पटेल, एरॉन जोंस के अलावा बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह का नाम शामिल है। हरमीत 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। अब उन्होंने खुलासा किया है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के कोच दिनेश लाड ने उनके करियर को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विज्ञापन
हरमीत ने रोहित के कोच को दिया धन्यवाद
31 वर्षीय हरमीत ने दो अंडर-19 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अमेरिका जाने से पहले आयु वर्ग टूर्नामेंटों में मुंबई के लिए खेले। वह अब अमेरिकी टीम के सदस्य हैं जिसने टी20 विश्व कप में अपने पहले ही प्रयास में सुपर आठ चरण में जगह बनाई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ साझा किए गए एक वीडियो में हरमीत ने कहा, 'मैं इस यात्रा में मेरा साथ देने वाले सभी लोगों और विशेष रूप से दिनेश लाड सर को धन्यवाद देना चाहता हूं। मेरी प्रतिभा को सबसे पहले लाड सर ने पहचाना जो मेरे स्कूल के दिनों में कोच और मेंटर थे।' रोहित शर्मा भी उसी स्कूल में पढ़ते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
'दिनेश सर ने काफी मदद की'
हरमीत सिंह
- फोटो : twitter
हरमीत ने कहा, 'दिनेश सर ने ही मुझे अपने स्कूल में शामिल होने की सलाह दी थी। वहां उन्होंने मुझे वह सब कुछ सिखाया जो वह संभवत: सिखा सकते थे।' हरमीत ने कहा कि लाड के बिना उनकी प्रगति संभव नहीं थी। उन्होंने कहा, 'हमने स्कूली क्रिकेट के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े। तब उपनगरों में क्रिकेट नहीं था, लेकिन अब पीछे मुड़कर देखने पर यह सब एक सपने जैसा लगता है। हमने स्कूल में जो कुछ भी हासिल किया, वह लाड सर के सहयोग के बिना संभव नहीं हो सकता था।'
हरमीत ने इन लोगों का भी आभार जताया
हरमीत ने कहा, 'जिस जुनून के साथ उन्होंने हम पर काम किया और पद्माकर शिवालकर सर और प्रवीण आमरे सर की देखरेख में बेहतर प्रशिक्षण के लिए हमें शिवाजी पार्क जिमखाना भेजकर जो समर्पण दिखाया, वह काबिले तारीफ है।' अमेरिका अपने सुपर आठ अभियान की शुरुआत 19 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा।