बीसीसीआई के इस कदम से शाहरुख की सिरदर्दी हुई दूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के प्रमुख स्पिनर सुनील नारायन को आईपीएल में खेलने की अनुमति मिल गई है। जिससे टीम के सहमालिक शाहरुख के चेहरे खिल गए है। बीसीसीआई की समीक्षा समिति ने वेस्टइंडीज के इस गेंदबाज को संदिग्ध एक्शन मामले में क्लीन चिट दे दी है।
पिछले साल अक्टूबर में चैंपियंस लीग टी-20 में उनके एक्शन पर अंगुली उठी थी। समीक्षा समिति में एस वेंकटराघवन, जवागल श्रीनाथ और एवी जयप्रकाश थे। आईसीसी के मान्यता प्राप्त एसआरएमसी सेंटर पर नारायन के हुए बायोमैकेनिकल परीक्षण के बाद समिति ने गेंदबाजी एक्शन की जांच की थी।
बीसीसीआई ने एक वक्तव्य में कहा कि समिति ने पाया कि सुनील नारायन ने अपने एक्शन में जो सुधार किया है वह आईसीसी से मान्यता मिली तय सीमा में है लिहाजा उन्होंने बोर्ड से सिफारिश की है कि नारायन का नाम उन गेंदबाजों की सूची से हटाया जा सकता है जिन्हें संदिग्ध एक्शन के कारण चेतावनी दी हुई है। अब नारायन कोलकाता नाइटराइडर्स टीम में चयन के लिए उपलब्ध होंगे। केकेआर का पहला मैच बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ है।
इस कंगारू ने कहा , जुबानी जंग खेल का हिस्सा
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि मैदान पर शाब्दिक जंग तो खेल का हिस्सा है बशर्ते यह एक सीमा तक हो। पोंटिंग ने जिस ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी की है, उसे ‘स्लेजिंग’ करने के लिए भी जाना जाता है।
मुंबई इंडियंस के कोच पोंटिंग ने कहा कि खेल में ऐसा होता है लेकिन खिलाड़ियों को अपनी हद पता होनी चाहिए। हम मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों को बेहतर ढंग से नियंत्रित करें कि हमें किस तरह खेलना है। टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल मैच अधिकारियों के सम्मेलन में हिस्सा लिया था। जब उनसे पूछा गया कि आपने वहां अपने क्या विचार रखे तो उन्होंने कहा कि खेल की बेहतरी के लिए कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस भारतीय खिलाड़ी ने कहा, नई चुनौती है आईपीएल
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा है कि टीम इंडिया के खिलाड़ी विश्व कप का खिताब न बचा पाने से निराश जरूर हैं लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग के रूप में उनके सामने एक नई चुनौती है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित ने कहा कि उनका फोकस अब आईपीएल-8 का खिताब जीतने पर है।
विश्व कप में दो शतक लगाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि टीम चार महीने से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी लेकिन अब हर कोई मानसिक और शारीरिक रूप से दो महीने आईपीएल खेलने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मानसिक थकावट जैसी बात भी नहीं है क्योंकि एक खिलाड़ी के तौर पर हमें हर टूर्नामेंट में अच्छा करना होता है। आईपीएल में बेहतर करने का एक और अवसर है।
दो साल पहले चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस का पहला मुकाबला पिछली विजेता टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के साथ ईडन गार्डेंस में होना है और टीम उसके लिए तैयार है। रोहित ने कहा कि केकेआर के पास अच्छी गेंदबाजी लाइनअप है और वो पिछले चैंपियन भी हैं। हमें अपना श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। रोहित इस बात को लेकर खुश हैं कि टीम का पहला मैच कोलकाता में है जहां टीम ने 2013 के फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराया था।