साउथ हैम्पटन में खेले गए चौथे टेस्ट में भारतीय टीम ने न सिर्फ इंग्लैंड के सामने घुटने टेक दिए बल्कि सीरीज जीतने का सुनहरा अवसर भी गंवा दिया। 60 रन से मिली हार के साथ ही इंग्लैंड ने 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त भी बना ली है। जिसके बाद से ही देश-विदेश में भारतीय क्रिकेट टीम की जमकर आलोचनाएं होना शुरू हो चुकी है।
भारत की इस करारी हार पर क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की कप्तानी पर सवाल उठाए हैं। गावस्कर ने कहा कि विराट की कप्तानी में अब वह बात नहीं है। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि यह हार निराशाजनक है और इसकी समीक्षा की जानी चाहिए।
सुनील गावस्कर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतकर विराट ने बतौर कप्तान अपनी काबिलियत साबित की थी, लेकिन इंग्लैंड में वैसा देखने को नहीं मिला। गावस्कर ने कहा कि बल्लेबाज के रूप में विराट ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है लेकिन कप्तान तभी सफल हो सकता है जब उसकी टीम प्रदर्शन करेगी।
गावस्कर ने कहा कि प्रबंधन और क्रिकेट बोर्ड को साझा रूप से प्रैक्टिस मैचों के लिए रणनीति बनानी चाहिए थी, क्योंकि नेट प्रैक्टिस काफी नहीं है, हमें मैच प्रैक्टिस की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त में हमारे पास बोर्ड जैसा कुछ है ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुछ प्रशासक ही भारतीय क्रिकेट को चला रहे हैं।
साथ-साथ विराट ने हार्दिक पांड्या को भी एक ऑलराउंडर के तौर पर मानने से इनकार कर दिया। टीम इंडिया में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने काबिलियत के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया है। इंग्लैंड में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गावस्कर ने कहा कि एक-दो खिलाड़ियों को हार का दोष देना ठीक नहीं क्योंकि यह टीम गेम है।