सनराइजर्स से हार के बाद केकेआर आईपीएल से बाहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव (3/35) की गेंद से चमक कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के काम न आई। ऑलराउंडर मोजेज हेनरिक्स के गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन और युवराज के आतिशी 44 रन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स को यहां आईपीएल-9 के अहम एलिमिनेटर में बुधवार को 22 रन से हरा दिया।
लाइव स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने तीन और मैन ऑफ द मैच मोजेज हेनरिक्स ने दो विकेट चटका हैदराबाद को शानदार जीत दिलाने में अहम रोल निभाया। हेनरिक्स ने इसके साथ ही 31 रन की शानदार पारी भी खेली। हैदराबाद के गेंदबाजों को अपने फील्डरों का पूरा साथ मिला।
हैदराबाद की किस्मत तीसरे प्रयास में आखिर पलट गई। हैदराबाद ने तीसरे प्रयास में केकेआर पर जीत के साथ लीग में उसके हाथों मिली हार का हिसाब चुकता कर यहीं फिरोजशाह कोटला मैदान में शुक्रवार को क्वालीफायर 2 में गुजरात लायंस से भिड़ने का हक हासिल कर लिया।
युवराज सिंह की 44 रन की तेज पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 162 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। युवराज ने जेसन होल्डर के चौथे और आखिरी ओवर में बोल्ड होने से पहले 30 गेंदें खेलीं और अपनी पारी में एक छक्का और आठ चौके लगाए।
जवाब में मनीष पांडेय (36 रन, 28 गेंद, दो चौके, 1 छक्का) और सूर्यकुमार यादव (23 रन, 15 गेंद, एक चौका और एक छक्का) की पांचवें विकेट की 46 रन भागदारी के बावजूद केकेआर की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 140 रन ही बना पाई।
कप्तान ओपनर गौतम गंभीर और कॉलिन मुनरो की दूसरे विकेट की 38 रन की भागीदारी कर केकेआर की पारी को संभालने की कोशिश की । तभी युवराज ने बेहतरीन थ्रो से मुनरो को रनआउट कर इस भागीदारी को क्या तोड़ा केकेआर 16 रन जोड़ कर तीन विकेट गंवा संकट में फंस गई।
गंभीर(28) को बेन कटिंग ने स्थानापन्न फील्डर शंकर के हाथों कैच कराया। यूसुफ पठान (2) को मोजेज हेनरिक्स ने भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच करा पवेलियन लौटाया।
डेथ ओवरों में युवराज ने किया थोड़ा मनोरंजन
इससे पहले आईपीएल में करो या मरो मुकाबले में टॉस कोलकाता नाइटराइडर्स ने जीता और सनराइजर्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी करने बुलाया। उन्होंने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट 162 रन बनाए। दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स को तेज मगर खराब शुरुआत मिली। दूसरे ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाकर शिखर धवन बेहद ही खराब शॉट चयन के बाद बोल्ड हुए। पहला विकेट गिरने के बाद सनराइजर्स के बल्लेबाजों की रनों की गति धीमी हो गई।
10 वें ओवर में फिरकी गेंदबाज कुलदीप यादव ने जादू दिखाया और पहले हेनरिक्स और दूसरी गेंद पर कप्तान डेविड वॉर्नर को चलता कर सनराइजर्स को दो बड़े झटके एक साथ दे दिए। अब क्रीज पर दो नए बल्लेबाज थे युवराज सिंह और दीपक हुडा। युवराज ने आते ही अपने हाथ खोले और पूरा अनुभव दिखाते हुए ताबड़तोड़ शॉट लगाने शुरू किए। 15 वें ओवर में टीम ने 100 का आंकड़ा पार किया।
डेथ ओवरों के आते ही युवराज गेंदबाजों पर पूरी तरह से हावी हो गए। हालांकि 16 वें ओवर में दीपक हुडा गलतफहमी के चलते रनआउट हो गए। इस जोड़ी के बीच 49 रनों की साझेदारी हुई, जिसमें युवराज के 28 रनों का योगदान रहा और दीपक का 21 रनों का। अब नमन ओझा नए बल्लेबाज के रुप में आए। 17 वें ओवर में युवी ने लगातार दो चौके जड़े।
19 वें ओवर में युवराज जेसोन होल्डर की गेंद पर बोल्ड हो गए। फिफ्टी लगाने से 6 रन से चूक गए। हालांकि उन्होंने 30 गेंदों में 44 रन बनाए। इसी ओवर में नमन ओझा भी अपना विकेट गंवा बैठे।
बाएं हाथ के पुछल्ले बल्लेबाज विपुल ने मोर्न मोर्कल जैसे खतरनाक गेंदबाज की आखिरी ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। हालांकि चौथी गेंद पर वह भी आउट हो गए।