फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   South Africa defeated Sri Lanka T20 World Cup Highlights Scorecard Result News In Hindi Anrich Nortje

SA vs SL: नॉर्त्जे की घातक गेंदबाजी के आगे श्रीलंका ने घुटने टेके, 77 रन पर सिमटी, द. अफ्रीका छह विकेट से जीता

Mon, 03 Jun 2024 11:44 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क Published by: स्वप्निल शशांक Updated Mon, 03 Jun 2024 11:44 PM IST
सार

दक्षिण अफ्रीका ने जीत के साथ टी20 विश्व कप का आगाज किया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम 77 रन बना पाई थी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

विज्ञापन
South Africa defeated Sri Lanka T20 World Cup Highlights Scorecard Result News In Hindi Anrich Nortje
दक्षिण अफ्रीकी टीम - फोटो : ICC Twitter

विस्तार

टी20 विश्व कप 2024 के चौथे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को छह विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम 19.1 ओवर में 77 रन पर सिमट गई थी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा रन कुसल मेंडिस ने बनाए। उन्होंने 19 रन बनाए, जबकि एंजलो मैथ्यूज 16 रन बना सके। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 
विज्ञापन

श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
श्रीलंका की टीम 19.1 ओवर में 77 रन पर सिमट गई। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय और टी20 विश्व कप में उनका सबसे कम स्कोर है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में इससे पहले श्रीलंका का सबसे कम स्कोर 82 रन का था, जो उन्होंने 2016 में विशाखापत्तनम में भारत के खिलाफ बनाया था। वहीं, टी20 विश्व कप में श्रीलंका का सबसे कम स्कोर 87 रन का है। श्रीलंकाई टीम 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिजटाउन में 16.2 ओवर में 87 रन पर सिमट गई थी। हालांकि, तब यह स्कोर श्रीलंका ने दूसरी पारी में बनाए थे। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका का सबसे कम स्कोर 101 रन का है, जो उन्होंने 2007 में केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही बनाए थे। 77 रन टी20 विश्व कप के इस संस्करण में अब तक का सबसे कम टोटल भी है। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें से चार बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

श्रीलंका की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पाथुम निसांका तीन रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद तो पूरी बैटिंग लाइन अप लुढ़क गई। एनरिक नॉर्त्जे ने कहर बरपाते हुए कुसल मेंडिस (19), कामिंदु मेंडिस (11), चरिथ असलंका (6) और एंजलो मैथ्यूज (16) को पवेलियन भेजा। नॉर्त्जे ने चार ओवर में सात रन खर्च किए और चार विकेट लिए। कगिसो रबाडा और केशव महाराज ने दो-दो विकेट लिए। महाराज ने दोनों विकेट एक ही ओवर में निकाले। उन्होंने कप्तान वानिंदु हसरंगा (0) और सदीरा समरविक्रमा (0) को आउट किया। दासुन शनाका (9) और मथीशा पथिराना (0) को रबाडा ने पवेलियन भेजा। वहीं, नुवान तुषारा (0) रन आउट हुए। ओटनील बार्टमैन को एक विकेट मिला।
विज्ञापन

नॉर्त्जे का रिकॉर्डतोड़ स्पेल
नॉर्त्जे का यह स्पेल टी20 विश्व कप में किसी भी दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ स्पेल है। उन्होंने अपना ही दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। टी20 विश्व कप 2022 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सिडनी में 10 रन देकर चार विकेट लिए थे। नॉर्त्जे ने अब तक टी20 विश्व कप में 11 मैचों में 24 विकेट लिए हैं। यह टी20 विश्व कप में पहले 11 मैचों के बाद किसी गेंदबाज द्वारा सर्वाधिक विकेट हैं। उन्होंने अपने 11 विश्व कप मैचों में से हर एक मैच में कम से कम एक विकेट लिया है। नॉर्त्जे ने अब तक टी20 विश्व कप में तीन बार पारी में चार या इससे ज्यादा विकेट लिए हैं। यह शाकिब अल हसन और सईद अजमल के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा हैं।

टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वश्रेष्ठ स्पेल
  • 4/7 एनरिक नॉर्त्जे vs श्रीलंका, न्यूयॉर्क 2024 
  • 4/10 एनरिक नॉर्त्जे vs बांग्लादेश, सिडनी 2022
  • 4/13 वेन पार्नेल vs वेस्टइंडीज, द ओवल 2009
  • 4/15 जैक कैलिस vs जिम्बाब्वे, हंबनटोटा 2012

दक्षिण अफ्रीका की पारी
78 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। रीजा हेंड्रिक्स चार रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। क्विंटन डिकॉक 20 रन और कप्तान एडेन मार्करम 12 रन बनाकर आउट हुए। ट्रिस्टन स्टब्स 13 रन बना सके। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने डेविड मिलर के साथ मिलकर दक्षिण अफ्रीका टीम को जीत दिलाई। क्लासेन 22 गेंद में 19 रन और मिलर छह रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से कप्तान वानिंदु हसरंगा ने दो विकेट लिए। वहीं, नुवान तुषारा और दासुन शनाका को एक-एक विकेट मिला।

दक्षिण अफ्रीका की टीम के स्टब्स इस मैच में 28 गेंद तक कोई बाउंड्री नहीं लगा सके। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा बिना बाउंड्री लगाए खेले गए दूसरी सबसे ज्यादा गेंदें हैं। उनसे आगे रसी वान डर डुसेन हैं। उन्होंने 2020 में पार्ल में इंग्लैंड के खिलाफ 29 गेंदों तक कोई बाउंड्री नहीं लगाई थी।

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज द्वारा बिना चौका लगाए सर्वाधिक गेंदों का सामना करना (T20I)
  • 29 रासी वान डेर डुसेन vs इंग्लैंड, पार्ल 2020
  • 28 ट्रिस्टन स्टब्स vs श्रीलंका, न्यूयॉर्क 2024 *
  • 25 जी बोडी vs वेस्टइंडीज, गकेबरहा 2007
  • 24 एबी डिविलियर्स vs ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो 2012

दक्षिण अफ्रीका की टीम पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 27 रन बना सकी। यह टी20 विश्व कप में अफ्रीकी टीम द्वारा पावरप्ले में बनाए गए दूसरे सबसे कम रन हैं। 2022 में भारत के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने छह ओवर में तीन विकेट गंवाकर 24 रन बनाए थे।

टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे कम पावरप्ले स्कोर
  • 24/3 Vs भारत, पर्थ 2022
  • 27/2 Vs श्रीलंका, न्यूयॉर्क 2024 *
  • 28/1 Vs इंग्लैंड, ट्रेंट ब्रिज 2009
  • 28/2 Vsम पाकिस्तान, कोलंबो 2012
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed