'गब्बर'-'हिटमैन' से पीछे नहीं हैं स्मृति मंधाना, रिकॉर्ड हाफ सेंचुरी लगाकर किया साबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना इन दिनों जबर्दस्त फॉर्म में हैं। अपनी इसी फॉर्म का फायदा उठाते हुए मंधाना ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। दरअसल अब वह सबसे तेज हाफ सेंचुरी बनाने वाले भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 ट्राई सीरीज के दूसरे मैच में मेहमान टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए टीम इंडिया को आमंत्रित किया था। भारतीय पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरीं मिताली राज और स्मृति मंधाना ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी की।
वहीं इस मैच में स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों में हाफ सेंचुरी जड़कर एक नया रिकॉर्ड बना डाला है। वह भारत की ओर से सबसे तेज हाफ सेंचुरी जड़ने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले भी सबसे तेज हाफ सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम पर था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों पर हाफ सेंचुरी बनाई थी।
इस मैच में स्मृति ने 40 गेंदों का सामना करते हुए कुल 76 रन ठोके। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं वन-डे टीम की कप्तान मिताली राज ने उनका बखूबी साथ दिया। मिताली राज ने अपनी पारी में 7 चौकों की मदद से 43 गेंदों पर 53 रन बनाए। इस मैच में टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 198 रन की चुनौती इंग्लैंड के सामने रखी।