Gill-Kishan Banter: शुभमन गिल को मिली पीएसजी की जर्सी, किशन बोले- शर्ट लेके वेस्टइंडीज आना ब्रो प्लीज भूलना मत
शुभमन गिल ने पीएसजी की जर्सी के साथ वीडियो शेयर किया, जिसमें कमेंट कर ईशान किशन ने कहा कि शर्ट लेके वेस्टइंडीज आना ब्रो, प्लीज भूलना मत। गिल और किशन 12 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेल सकते हैं।
विस्तार
साल 2023 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शुभमन गिल ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह पीएसजी की जर्सी पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके पीछे उनका नाम लिखा हुआ था। युवा खिलाड़ी ने इसके लिए फुटबॉल क्लब को भी धन्यवाद दिया।
गिल ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "टूर ले पार्स डेस प्रिंसेस।" गिल हाल ही में इंग्लैंड में थे जब उन्होंने लंदन के केनिंग्टन ओवल में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
इस बीच, बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन ने शुभमन की पोस्ट पर मजेदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने गिल से पीएसजी शर्ट को वेस्टइंडीज लाने के लिए कहा। किशन ने लिखा, "शर्ट लेके वेस्ट इंडीज आ जाना भाई, कृपया मत भूलना। इसे हर जगह ढूंढ़ रहा था।"
गिल के लिए यह साल अब तक शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में शतक और वनडे में दोहरा शतक लगाने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स के लिए कई मैच जिताऊ पारियां भी खेलीं। वह आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस सीजन उन्होंने आईपीएल में तीन शतक भी लगाए और लगातार दो पारियों में शतक लगाने का भी कारनामा किया, लेकिन टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में देश के लिए मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए।
फाजिल्का में जन्मे गिल ने इस साल 18 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 56.16 की औसत से 1011 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक शामिल हैं। गिल अब वेस्टइंडीज दौरे के लिए तैयार हैं, जो अगले महीने शुरू होगा।