Shreyas Iyer: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले बीसीसीआई के सीओई पहुंचे श्रेयस, नेट्स पर की बल्लेबाजी
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए श्रेयस अय्यर अब मैदान पर वापसी के लिए बेताब हैं। श्रेयस ने इसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
विस्तार
श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अक्तूबर में हुए तीसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए चोट लगी थी। इसके बाद से वह मैदान से बाहर चल रहे हैं। श्रेयस को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया था और उनकी अनुपस्थिति में ऋतुराज गायकवाड़ ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी। श्रेयस ने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो शेयर की है जिसमें वह बीसीसीआई के सीओई में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वह क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में नेट्स पर बल्लेबाजी करते हुए दिख रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रेयस का दिसंबर के दूसरे सप्ताह में अल्ट्रासाउंड हुआ था और इसके बाद ही श्रेयस ने बीसीसीआई के सीओई में अपना रिहैब कार्यक्रम शुरू किया है। उनकी रिकवरी की मौजूदा गति को देखते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में श्रेयस के चयन की संभावना कम ही है, क्योंकि सारा ध्यान उनके धीरे-धीरे और पूरी तरह से ठीक होने पर केंद्रित है। बीसीसीआई के सीओई में समय बिताने के बाद ही उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की अनुमति दी जाएगी।
श्रेयस हाल ही में आईपीएल 2026 के लिए हुई खिलाड़ियों में नीलामी में मौजूद थे। श्रेयस आईपीएल में पंजाब किंग्स के कप्तान हैं और वह फ्रेंचाइजी की ओर से नीलामी टेबल पर बैठे थे।