पिछले पांच टेस्ट मैचों में कुछ इस तरह से हुए आउट किंग कोहली, शतक के लिए तरसे
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पिछले 15 महीने से एक भी अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं लगा पाए हैं। वे लगातार बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रह रहे हैं। पिछली दस पारियों में विराट चार बार 10 से कम के स्कोर पर आउट हुए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में चल रहे तीसरे टेस्ट की पहली पारी में भी कप्तान कोहली 58 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में वे शून्य पर आउट हुए थे। आइए एक नजर डालते हैं विराट के पिछले पांच टेस्ट मैच के प्रदर्शन और आउट होने के तरीके पर।
न्यूजीलैंड में विराट हुए फ्लॉप
महामारी और लॉकडाउन से पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। यहां उसने दो टेस्ट मैच खेले थे। इस सीरीज में विराट पूरी तरह से फेल रहे थे। वे यहां चार पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए और 2, 19, 3, 14 के स्कोर पर आउट हुए। उनका औसत भी 10 से भी नीचे था। विराट को यहां न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने खूब परेशान किया। पहले टेस्ट में काइल जैमीसन ने कोहली को फुल डिलीवरी डाल कर कैच आउट करवाया था। इसके बाद ट्रेंट बोल्ट ने उनको शार्ट बॉल पर कैच आउट करवाया। दूसरे टेस्ट में विराट टिम साउदी और ग्रैंडहोम की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया में दुर्भाग्यपूर्ण
कप्तान कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला जो डे-नाइट था। इसमें वे पहली पारी में अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन 74 के स्कोर पर रनआउट हुए और फिर दूसरी पारी में चार रन की पारी खेली थी और कमिंस की गेंद पर ग्रीन को कैच दे बैठे।
इंग्लैंड के खिलाफ फिरकी से परेशान
विराट ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट मैच खेलकर स्वदेश लौट आए और करीब एक महीने बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लौटे। मौजूदा सीरीज में भी उनकी शुरुआत निराशाजनक ही रही। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच की पहली पारी में वे सिर्फ 11 रन ही बना पाए और दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज डोम बेस की गेंद पर पोप को कैच दे बैठे। बेस की तेजी से स्पिन होती हुई गेंद कोहली के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए शार्ट लेग पर खड़े ओली पोप के हाथों में चली गई और उनकी पारी समाप्त हो गई। हालांकि दूसरी पारी में उन्होंने 72 रन बनाए लेकिन एक बार फिर से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और स्टोक्स की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी विराट फ्लॉप रहे। यहां पहली पारी में उन्हें मोईन अली ने अपनी ऑफ स्पिन गेंद पर बोल्ड कर दिया और खाता भी नहीं खोलने दिया।