ENG vs PAK: पाकिस्तान की शर्मनाक हार पर हाहाकार, अख्तर और अकमल ने लगाई टीम को लताड़
इंग्लैंड से मिली करारी हार से आहत होकर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने टीम पर निशाना साधा है।
विस्तार
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले वन-डे में नौ विकेट से हरा दिया। इस शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान टीम की कड़ी आलोचना हो रही है। इस हार से आहत होकर टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने टीम पर निशाना साधा है। अकमल ने तो पाकिस्तान टीम की तुलना श्रीलंका की टीम से कर दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ उसी तरह का प्रदर्शन किया जैसा श्रीलंका ने किया था। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, 'पाकिस्तान ने जिस तरह से खेला उससे लगा ही नहीं कि श्रीलंका की टीम इंग्लैंड दौरे से वापस चली गई है। मुझे ऐसा लगा कि इंग्लैंड के खिलाफ श्रीलंकाई टीम खेल रही थी। इंग्लैंड ने वो काम किया जो पाकिस्तान को करना चाहिए था।' इस दौरान अकमल ने बेन स्टोक्स की कप्तानी की जमकर तारीफ की।
लोग अब पाकिस्तान का मैच देखना बंद कर रहे- अख्तर
उधर, 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ने भी अपनी टीम की निंदा की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की टीम में पहले जैसा टेलैंट और खिलाड़ी नहीं रहे। अख्तर ने कहा कि लोग अब पाकिस्तान का मैच देखना बंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान टीम की हालत यह हो गई है अगर बाबर और फखर जमां नहीं चलेंगे तो टीम 150 रन भी नहीं बना पाएगी। अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान टीम ये हालत बोर्ड की गलत नीति और चयन के कारण हुई है। पाकिस्तानी टीम में कोई ऐसा खिलाड़ी नहीं जिसे आप पैसे देकर देखना चाहेंगे।
नौ विकेट से मिली करारी शिकस्त
डेविड मलान (68*) और जैक क्राउले (58*) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर इंग्लैंड ने पहले वन-डे में पाकिस्तान को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। कार्डिफ में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम महज 141 रन पर ही सिमट गई। मलान और क्राउले के बीच दूसरे विकेट के लिए 120 रन की अटूट साझेदारी हुई। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 21.5 ओवर में ही 142 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही तीन मैचों की वन-डे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
साकिब महमूद ने झटके चार विकेट
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पाकिस्तान ने पहले ही ओवर में अपने दो विकेट खो दिए थे। मेहमान टीम ने 20 गेंदों में ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। पाकिस्तान की तरफ से फखर जमां ने 47 और शादाब खान ने 30 रन बनाए। वहीं, इंग्लैंड के साकिब महमूद ने 42 रन देकर चार विकेट झटके जबकि लुईस ग्रेगरी और मैट पार्किंसन को दो-दो विकेट मिले।