पिछली बार यूएई में अच्छी शुरुआत के बावजूद बिखरने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की टीम इस बार नई शुरुआत की उम्मीद करेगी। कई शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद आरसीबी आज भी अपने पहले खिताब को तरसती है। दल में विराट कोहली जैसा कप्तान एबी डीविलियर्स जैसा दिग्गज बल्लेबाज भी है, लेकिन टीम इन दोनों पर जरूरत से ज्यादा निर्भर रही और ऐसे में कभी संतुलन स्थापित ही नहीं हो पाया। अब ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन जैसे खिलाड़ियों के जुड़ने से थोड़ा बैलेंस नजर आता है।
Royal Challengers Bangalore: पहले खिताब का इंतजार, क्या है मजबूती और कमजोरियां?
नीलामी से पहले 10 खिलाड़ी बाहर
आरसीबी ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन आखिर में उसकी लय गड़बड़ा गई और लगातार पांच मैच गंवाने से एलिमिनिटेर में बाहर हो गई थी। इस बार टीम प्रबंधन ने नीलामी से पहले 10 खिलाड़ियों को 'रिलीज' करके अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी को मजबूत करने पर ध्यान दिया है। आरसीबी की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आती है। रन मशीन कोहली का आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड रहा है।
इस बार ओपनिंग करेंगे विराट
कोहली पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह पारी की शुरुआत करेंगे, उनके साथ दूसरे छोर पर देवदत्त पडीक्कल होंगे, जिन्होंने पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था और अभी बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। शीर्ष क्रम में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरूद्दीन और न्यूजीलैंड के फिन एलेन तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं जबकि डिविलियर्स और मैक्सवेल जैसे अनुभवी खिलाड़ी मध्यक्रम को संभालेंगे। सचिन बेबी, डेनियल क्रिस्टियन और वाशिंगटन सुंदर उनकी बल्लेबाजी को मजबूती प्रदान करते हैं।
आरसीबी की मजबूती स्पिनर गेंदबाजी
टीम को अपने अधिकतर मैच चेन्नई और अहमदाबाद के स्पिनरों के लिए मददगार विकेट पर खेलने हैं और ऐसे में आईपीएल में हमेशा सफल रहने वाले युजवेंद्र चहल तुरुप का इक्का होंगे। वाशिंगटन सुंदर पिछली बार की तरफ फिर से पावरप्ले में जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। मैक्सवेल स्पिन विभाग में एक अच्छा विकल्प हैं जबकि जरूरत पड़ने पर एडम जंपा को अंतिम एकादश में शामिल कया जा सकता है।
पेस अटैक कमजोर
जैमीसन के टीम से जुड़ने के बावजूद आरसीबी का तेज गेंदबाज विभाग कमजोर नजर आता है। नवदीप सैनी और मोहम्मद सिराज को सफेद गेंद से गेंदबाजी का कम अनुभव है और वे अक्सर रन लुटा देते हैं। जैमीसन भी टी-20 में संघर्ष करते रहे हैं और उन्हें भारत में खेलने का अनुभव नहीं है। तेज गेंदबाजी विभाग में हर्षल पटेल तथा ऑस्ट्रेलियाई तिकड़ी क्रिस्टियन, डेनियल सैम्स और केन रिचर्डसन अन्य विकल्प हैं। ऐसी स्थिति में आरसीबी के बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी उठानी होगी। उसके पास डीविलियर्स और मैक्सवेल जैसे 'बिग हिटर' हैं।