हो गया खुलासा, श्रीलंका में किस क्रिकेटर ने कांच तोड़ने की शर्मनाक हरकत की
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेले गए निदाहास ट्रॉफी टी-20 ट्राई सीरीज के छठे मुकाबले में बांग्लादेश की जीत के बाद उसके ड्रेसिंग रूम में तोड़फोड़ और शीशा तोड़ने को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने ही ड्रेसिंग रूम का शीशा तोड़ा था। रिपोर्ट के मुताबिक मूवनपिक होटल इस मैच में दोनों टीमों की कैटरिंग कर रही थी और उनमें से एक कैटर ने मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड को शाकिब अल हसन का नाम दिया था।
गौरतलब है कि दोनों टीमों के बीच का यह मामला आखिरी ओवर का था। आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान को आउट दे दिया गया था, लेकिन बांग्लादेशी खिलाड़ियों का कहना था की गेंद की ऊंचाई ज्यादा थी, इसके बावूजद लेग अंपायर ने उसे नो बॉल नहीं दिया।
इसके बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने क्रीज पर बल्लेबाजी कर रहे महमदुल्लाह को मैदान छोड़कर वापस आने को कहा। काफी देर कहा सुनी होने के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ी दोबारा मैच करवाने के लिए राजी हुए। यह मामला सामने आने के बाद ग्राउंड के कर्मचारियों से सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कहा गया था।
बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच हुआ ये सेमीफाइनल का मुकाबला बेहद रोमांचक हुआ था। बांग्लादेश को आखिरी ओवर में जीत के लिए 6 बॉल पर 12 रन की जरूरत थी। बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी महमदुल्ला ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर मैच जीत लिया था। जीत के बाद तोड़फोड़ की हरकतें देखी गई थी और ड्रेसिंग रूम का दरवाजा टूटा हुआ पाया गया था।
बता दें कि इस मामले में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब पर आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के तहत उनके मैच का 25 प्रतिशत फीस भी काटी गई थी। इस मैच में बांग्लादेशी खिलाड़ी नुरुल हसन की श्रीलंका के कप्तान थिसारा पेरेरा के साथ भी अनबन हुई थी, जिसके बाद हसन पर मैच का 25 प्रतिशत फीस और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया था।