Ravi Bishnoi T20i Debut: खेतों में पिच बनाकर खेले, कुंबले से मिली कोचिंग, अब डेब्यू मैच में मचाया तहलका
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज के पहले मैच में रवि बिश्नोई को अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका मिला है। उनके साथी लेग स्पिनर युजवेन्द्र चहल ने उन्हें टीम इंडिया की कैप दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को बुधवार को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिला। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मैच में टीम इंडिया की कैप दी गई और उन्होंने भी खुद को साबित किया। 21 वर्षीय बिश्नोई ने अपने दूसरे ही ओवर में दो विकेट लेकर करैबियाई टीम की कमर तोड़ दी। रवि ने रॉस्टन चेज़ को एलबीडबल्यू कर पहला विकेट लिया और इसके तीन गेंद बाद ही उन्होंने रोवमन पॉवेल को भी पवेलियन की राह दिखा दी। युजवेन्द्र चहल ने बिश्नोई को भारतीय टीम की कैप दी।
बिश्नोई ने भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए बहुत लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने खुद खेतों पर पिच बनाई और वहां प्रैक्टिस करके लेग स्पिन गेंदबाजी सीखी। बिश्नोई और उनके साथी खुद ही मैदान की देख रेख करते थे। मैदान में पानी देना और पिच बनाना, ये सभी काम खिलाड़ियों को ही करना पड़ता था।
अंडर-19 विश्व कप 2020 में बिश्नोई ने शानदार प्रदर्शन किया था। वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। फाइनल मैच में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी। इसके बाद आईपीएल में भी उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया था। इसी का फायदा उन्हें मिला है।
आईपीएल में कैसा रहा प्रदर्शन
आईपीएल में रवि बिश्नोई का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने पंजाब किंग्स की टीम के लिए 23 मैचों में 24 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी सिर्फ 6.97 की रही है। एक मैच में उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 24 रन देकर तीन विकेट रहा है। बिश्नोई की खास बात यही है कि वो बहुत ही कंजूसी के साथ गेंदबाजी करते हैं। इससे बल्लेबाजों पर दबाव बनता है और कई मौकों पर रवि के साथ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज को विकेट मिल जाता है।
Congratulations to Ravi Bishnoi who is all set to make his debut for Team India.@Paytm #INDvWI pic.twitter.com/LpuE9QuUkk
— BCCI (@BCCI) February 16, 2022
लखनऊ की टीम ने दी शुभकामनाएं
भारत के लिए पहला मैच खेलने पर रवि बिश्नोई की आईपीएल टीम लखनऊ ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस आईपीएल के मेगा ऑक्शन से पहले रवि बिश्नोई को लखनऊ की टीम ने ड्रॉफ्ट के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था। उनके भारतीय टीम की कैप मिलने पर लखनऊ ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और उन्हें अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने पर शुभकामनाएं दीं।
कौन है रवि बिश्नोई?
रवि बिश्नोई का जन्म राजस्थान के जोधपुर में हुआ था। उनके घर के पास क्रिकेट से जुड़ी सुविधाएं नहीं थी, ऐसे में रवि और उनके कई साथी खिलाड़ियों ने मिलकर अपने क्षेत्र में खुद ही क्रिकेट एकेडमी बना दी। उन्होंने खेत में ही क्रिकेट पिच बनाई, उनके कोच ने इसमें सभी खिलाड़ियों का साथ दिया। इस एकेडमी में खिलाड़ी ही सभी काम करते थे। पिच तैयार करने से लेकर मैदान को खेलने लायक बनाना और बाकी सभी जरूरी काम खुद खिलाड़ी ही करते थे।
शुरुआत में रवि बिश्नोई को ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन वो निराश नहीं हुए। बाद में उन्हें राजस्थान की अंडर-19 टीम में जगह मिली और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2018 में वे राजस्थान रॉयल्स की टीम के नेट गेंदबाज बने और भारत की अंडर-19 टीम में भी जगह बनाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी गुगली से सभी को खासा प्रभावित किया। 2020 ऑक्शन में पंजाब की टीम ने उन्हें खरीदा और आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में भी जगह मिली है।