रणजी ट्रॉफीः केरल के खिलाफ बुमराह का फिटनेस टेस्ट, गुजरात का हौसला बुलंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चोट से उबरने के बाद अगले महीने श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज के लिए वापसी की है। उससे पहले बुधवार से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उन्हें अपनी फिटनेस दिखाने और पुरानी लय पाने का बेहतरीन मौका मिलेगा। बुमराह के आने से गुजरात की टीम का केरल के खिलाफ हौसला बुलंद होगा।
स्ट्रैस फ्रेक्चर के कारण बुमराह ने सितंबर से कोई मैच नहीं खेला है। 26 वर्षीय गेंदबाज पर चयन समिति के चेयरमैन एमएसके प्रसाद की निगाह होगी जो खासतौर पर इस मैच में मौजूद होंगे। तीनों प्रारूप में भारत के प्रमुख गेंदबाज बन गए जसप्रीत ने पिछला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेला था। जमैका में खेले गए मुकाबले में उन्होंने हैट्रिक ली थी।
हरभजन और इरफान के बाद टेस्ट हैट्रिक लेने वाले वह तीसरे भारतीय गेंदबाज बने थे। पिछले हफ्ते वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वन-डे से पहले विशाखापट्टनम में अभ्यास सत्र के दौरान गेंदबाजी करने से उनकी वापसी तय लग रही थी। बुमराह ने 12 टेस्ट मैचों में 62 विकेट लिए हैं जबकि वनडे में उनके नाम 103 और टी-20 में 51 विकेट हैं।
गुजरात टूर्नामेंट में अपना दूसरा मैच खेलने उतरेगी। इससे पहले उसने हैदराबाद को पराजित किया था। दूसरी ओर केरल की टीम को पहले मैच में अपने घरेलू मैदान में बंगाल के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। जबकि दिल्ली के खिलाफ उसका मुकाबला पलड़ा भारी होने के बावजूद ड्रॉ रहा था। केरल की उम्मीदें बल्लेबाज संजू सैमसन पर टिकी होंगी। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में भारतीय टीम के सदस्य सैमसन ने बंगाल के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।
इशांत-धवन की वापसी से दिल्ली मजबूत
दिल्ली की टीम को केरल के खिलाफ पिछले मैच में ड्रॉ से अब तक एक अंक ही मिला है। आंध्र प्रदेश के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। अब फिरोजशाह कोटला में अपने घरेलू मैदान में हैदराबाद के खिलाफ शुरू होने वाले मुकाबले में तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और बल्लेबाज शिखर धवन की वापसी से उसका पलड़ा मजबूत हुआ है।
पिछले मैच में इशांत शर्मा ने बीसीसीआई की कार्यभार प्रबंधन कार्यक्रम के तहत आराम यिा था। जबकि धवन नवंबर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में घुटने में लगी चोट के कारण बाहर थे। धवन भी श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। जहां चयन समिति के प्रमुख एमएसके प्रसाद तेज गेंदबाज बुमराह के प्रदर्शन पर निगाह रहेंगे वहीं चयन समिति के सदस्य सरनदीप की निगाह इशांत और चोट के बाद वापसी कर रहे शिखर धवन पर होगी।
उत्तर प्रदेश को पहली जीत की तलाश
उत्तर प्रदेश की टीम सौराष्ट्र के खिलाफ इस सत्र में अपनी पहली जीत के लिए उतरेगी। पिछले दो मुकाबलों में उसे रेलवे और कर्नाटक से मुकाबले ड्रॉ खेलने पड़े थे। दोनों ही मैचों में पहली पारी में पिछड़ने के कारण उसे एक अंक ही हासिल हुआ था। टीम को अपने सलामी बल्लेबाज अलमास शौकत से बड़ी उम्मीदें होंगी जिन्होंने कर्नाटक के खिलाफ नाबाद 103 रन की पारी खेली थी। रेलवे के खिलाफ भी पहली पारी में भी उन्होंने नाबाद 92 रन बनाए थे। रेलवे के खिलाफ यश दयाल और शिवम मावी ने चार-चार विकेट लिए थे। जबकि कर्नाटक के खिलाफ सौरभ कुमार छह विकेट लेने में सफल रहे थे।
मुंबई के रहाणे-पृथ्वी भी दिखाएंगे फार्म
टेस्ट विशेषज्ञ अजिंक्य रहाणे और युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ भी मुंबई की ओर से रेलवे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में फार्म दिखाने को बेताब होंगे। मुंबई ने पहले मैच में बड़ौदा के खिलाफ 309 रन से जीत हासिल की थी। रहाणे के पास इंडिया ए टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना होने से पहले लय पाने का मौका होगा। जबकि न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए टीम में शामिल अन्य युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने बड़ौदा के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। आठ महीने के प्रतिबंध के बाद लौटे शॉ अपनी फार्म जारी रखना चाहेंगे।