रणजी ट्रॉफी: केरल ने हिमाचल की उम्मीदें तोड़ी, क्वार्टरफाइनल की टीमें तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केरल की हिमाचल प्रदेश पर पांच विकेट की रोमांचक जीत और उत्तर प्रदेश और असम के बीच मैच ड्रॉ छूटने के साथ ही रणजी ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल की टीमें भी गुरुवार को तय हो गई।
केरल की जीत से बड़ौदा का भी नाकआउट में जगह बनाने का सपना टूट गया। केरल, गुजरात और बड़ौदा तीनों टीमों के समान 26 -26 अंक रहे। केरल ने चार मैच जीते थे जबकि बाकी दोनों टीमों ने 3-3 मैचों में जीत दर्ज की थी। गुजरात की बड़ौदा से बेहतर रन गति थी जिससे वह अंतिम आठ में पहुंचने में सफल रहा।
सौराष्ट्र ने विदर्भ के खिलाफ राजकोट में ड्रॉ छूटे मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। इन दोनों टीमों ने ग्रुप ए और बी में से सर्वाधिक 29-29 अंक हासिल किए लेकिन विदर्भ बेहतर रन गति के आधार पर शीर्ष पर रहा। वह 15 जनवरी से शुरू होने वाले क्वार्टर फाइनल में प्लेट ग्रुप के चैंपियन उत्तराखंड से भिड़ेगा।
क्वार्टरफाइनल के अन्य मुकाबलों में सौराष्ट्र का सामना उत्तर प्रदेश से होगा जबकि ग्रुप ए और बी से तीसरे स्थान पर रहने वाला कर्नाटक ग्रुप सी से शीर्ष पर रहे राजस्थान से भिड़ेगा। क्वार्टरफाइनल का चौथा मैच केरल और गुजरात के बीच खेला जाएगा।
केरल और हिमाचल दोनों को अंतिम आठ में जगह बनाने के लिए जीत की दरकार थी। हिमाचल ने नादौन में खेले गए मैच के चौथे और अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी कल के स्कोर आठ विकेट पर 285 रन पर समाप्त घोषित करके केरल के सामने 297 रन का लक्ष्य रखा। केरल ने वी मनोहरन (96), कप्तान सचिन बेबी (92) और संजू सैमसन (61) के अर्धशतकों की मदद से पांच विकेट पर 299 रन बनाकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
राजकोट में सौराष्ट्र ने विदर्भ पर पहली पारी में बढ़त हासिल की। सौराष्ट्र के 356 रन के जवाब में विदर्भ ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 280 रन पर समाप्त घोषित की। सौराष्ट्र ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट 218 रन बनाए जिसके बाद मैच ड्रॉ समाप्त कर दिया गया। सौराष्ट्र की दूसरी पारी का आकर्षण 20 वर्षीय विश्वराज जडेजा की नाबाद 105 रन की पारी रही जो उनका प्रथम श्रेणी मैचों में पहला शतक है।
उधर कानपुर में उत्तर प्रदेश ने असम पर पहली पारी में बढ़त हासिल करके क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर दी थी। असम ने पहली पारी में 175 रन बनाए, जिसके जवाब में उत्तर प्रदेश ने 619 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। असम ने मैच ड्रॉ होने से पूर्व अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 317 रन बनाए जिसमें गोकुल शर्मा के नाबाद 100 रन भी शामिल हैं।
दिल्ली की टीम मौजूदा रणजी ट्रॉफी में सिर्फ एक मैच जीतकर अपने ग्रुप बी में 14 अंकों के साथ सबसे निचले पायदान पर रही। तमिलनाडु के खिलाफ उसका आखिरी लीग मुकाबला ड्रॉ रहा।
तमिलनाडु के 432 रन के जवाब में दिल्ली पहली पारी में जोंटी सिद्धू (140) केनाबाद शतक और ललित यादव (91) के साथ सातवें विकेट के लिए उनकी 170 रन की साझेदारी के बावजूद 336 रन ही बना पाई और 96 रन से पिछड़ गई। जवाब में तमिलनाडु ने दूसरी पारी एक विकेट पर 113 रन पर घोषित कर दी। इसके बाद दोनों कप्तानों की सहमति से मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया। पहली पारी की बढ़त के आधार पर तमिलनाडु को तीन, जबकि दिल्ली के खाते में एक अंक आया।