आईपीएल भ्रष्टाचार मामले में एक नया खुलासा हुआ है। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी का दावा है कि राजस्थान रॉयल्स के सह-मालिक रहे राज कुंद्रा बुकी से संपर्क में थे। हालांकि राज कुंद्रा इन आरोपों को कई बार नकार चुके हैं कि उनका किसी बुकी से कोई संबंध नहीं था।
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, आईपीएल भ्रष्टाचार मामले की जांच कर रहे बीबी मिश्रा ने बताया कि जब राज कुंद्रा से पूछताछ की गई, शुरू में तो उन्होंने कुछ भी मानने से इनकार किया लेकिन, जब उनके सामने बुकी का बयान रखा गया, तब उन्होंने बताया कि वो एक बुकी से दो बार मिले थे और उसने एक गिफ्ट भी दिया था।
पूछताछ के दौरान कुंद्रा ने बताया कि वो बुकी को नहीं जानते थे, लेकिन उसका नंबर उनके मोबाइल में था। उन्होंने कहा कि वो नंबर सेव इसलिए किया था कि वो पहचान सकें कि ये एक बुकी का नंबर है और इसको अटेंड नहीं करना है। लेकिन जब पूछा गया कि अगर उसका फोन नहीं उठाना नहीं था तो उसका गिफ्ट क्यों लिया? तब कुंद्रा ने कहा कि वो नहीं जानते थे वो एक बुकी है।
क्या गिफ्ट दिया था?
राज कुंद्रा की माने तो बुकी ने उनके बच्चे के लिए एक 10 ग्राम की सोने की चेन और कुछ प्रसाद दिए थे, लेकिन उन्होंने लेने से मना कर दिया था। मगर फिर भी वो वॉचमैन को देकर चला गया था। पहली बार उससे एक दोस्त की पार्टी में मुलाकात हुई थी और उसने मैच का एक टिकट मांगा जोकि मेरे गार्ड ने उसे दे दिया था।
बताते चलें कि आईपीएल भ्रष्टाचार मामले में सीएसके और राजस्थान रॉयल्स पर दो सालों का प्रतिबंध भी लगाया गया था।