टीम इंडिया से आगे निकला पाक, साल के पहले ही मैच में जोरदार जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों ने साल 2016 की शुरुआत ऑस्ट्रेलियाई महाद्वीप के दौरे से की है। लेकिन जहां भारत को ऑस्ट्रेलिया में लगातार दूसरे वनडे में हार मिली, वहीं न्यूजीलैंड दौरे पर गई पाक टीम ने अपने पहले ही मैच में जीत का स्वाद चख लिया।
शुक्रवार को टीम इंडिया ब्रिसबेन वनडे में 309 रन का लक्ष्य देकर भी मैच हार गई। इस हार से वह दूसरी ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार 2 बार 300 से ज्यादा का लक्ष्य दिया और उसे हार मिली। भारत को नए साल में पहली जीत का इंतजार कायम है तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के पड़ोस (न्यूजीलैंड) के ऑकलैंड में पाक ने साल के अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच (टी-20) में जीत हासिल कर ली।
पाकिस्तान के लिए यह मैच इस मायने में भी खास था क्योंकि 2010 में स्पॉट फिक्सिंग के कारण 5 साल के लिए क्रिकेट खेलने से प्रतिबंधित किए गए तेज गेंदबाज ने फिर से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे थे। पाक ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 171 रन बनाए और फिर गेंदबाजों के कमाल के खेल की बदौलत यह मैच 16 रन से जीत लिया। यह जीत इसलिए अहम रही क्योंकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज कोलिन मुनरो ने लगातार दूसरे मैच में विस्फोटक पारी खेलकर मैच में रोमांच ला दिया। उन्होंने 25 गेंदों में तूफानी फिफ्टी ठोंक दी थी।
2 विस्फोटक पारियों के बावजूद हार गई न्यूजीलैंड की टीम
पाकिस्तान ने 3 मैचों की सीरीज के पहले टी-20 मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 171 रन बनाए। ओपनर मोहम्मद हफीज ने 47 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली जिसमें 8 चौके और 2 छक्के भी लगाए। विस्फोटक बल्लेबाज और कप्तान शाहिद अफरीदी ने महज 8 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 23 रनों की आतिशी पारी खेली। किवी टीम के तेज गेंदबाज एडम मिलने ने 37 रन देकर 4 विकेट निकाले।
जवाब में मार्टिन गुप्टिल के 2 रन पर रन आउट होने के बाद कप्तान केन विलियम्सन और कोलिन मुनरो ने तूफानी पारी खेलकर पाक टीम को शुरुआत में परेशान किया। पिछले मैच में श्रीलंका के खिलाफ महज 14 गेंदों में फिफ्टी ठोंकने वाले मुनरो ने इस मैच में भी विस्फोटक पारी खेलते हुए 25 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया। इस पारी में उन्होंने 27 गेंदों में 56 रन बनाए जिसमें 2 चौके और 6 छक्के लगे। दूसरी ओर विलियम्सन ने भी 60 गेंदों में 70 रन बनाए। दोनों के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई।
लेकिन इसके बाद पाक गेंदबाजों ने मैच में टीम की वापसी कराई और 19 रनों के अंदर 5 विकेट झटक लिए। इन झटकों के बाद न्यूजीलैंड की टीम फिर वापसी नहीं कर सकी और 20 ओवर में पूरी टीम 155 रन पर आउट हो गई। 4 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए। पाक के लिए वहाब रियाज ने 3, उमर गुल और कप्तान शाहिद अफरीदी ने 2-2 विकेट झटके। इस जीत से पाक ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।