पाक क्रिकेट को लगी नजर, एक और स्टार पर लगा बैन
ऐसा लगता है पाकिस्तान क्रिकेट को किसी की नजर लग गई है। सईद अजमल के बाद एक और स्टार क्रिकेटर पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अपनी टीम के सबसे खास गेंदबाज सईद अजमल पर लगे गेंदबाजी करने से प्रतिबंध के झटके से पाकिस्तान अभी उबरा भी नहीं था कि आईसीसी ने उसे एक और झटका दे दिया है। संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के घेरे में अब पाकिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज आ गए हैं जिन्हें आईसीसी ने गेंदबाजी करने से रोक दिया।
आईसीसी ने एक बयान जारी कर कहा, "आईसीसी यह पुष्टि करती है कि स्वतंत्र परीक्षण में पाकिस्तानी गेंदबाज मोहम्मद हफीज की गेंदबाजी एक्शन अवैध पाया गया है। लिहाजा तुरंत प्रभाव से हफीज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से प्रतिबंधित किया जा रहा है। परीक्षण में पाया गया है कि हफीज की सभी गेंदें आईसीसी द्वारा निर्धारित 15 डिग्री से अधिक मुड़ रही हैं।"
गेंदबाजी के 11 साल बाद एक्शन पर सवाल उठने से नाराज
34 वर्षीय मोहम्मद हफीज की गेंदबाजी एक्शन का परीक्षण पिछले महीने आईसीसी द्वारा मान्यताप्राप्त लैब में करवाया गया था। हालांकि हफीज इस प्रतिबंध के खिलाफ एक्शन में सुधार करने के बाद अपील कर सकते हैं। प्रतिबंध से निराश हफीज ने कहा कि मैं पिछले 11 साल से इसी एक्शन से गेंदबाजी कर रहा हूं। मुझे आश्चर्य हो रहा है कि अब जाकर मेरी एक्शन पर सवाल खड़े हो रहे रहे हैं।
इस बीच टीम के कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने कहा है कि हफीज को गेंदबाजी से रोकने से टीम को काफी नुकसान होगा। पिछले तीन महीने में आईसीसी की ओर से पाकिस्तान को यह दूसरा झटका है।
तीन महीने पहले ही उसके प्रमुख गेंदबाज सईद अजमल पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था जो इन दिनों अपनी एक्शन को सुधारने में लगे हुए हैं। पाकिस्तान के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं है क्योंकि 2 महीने बाद उसे वर्ल्ड कप में खेलना है। वर्ल्ड कप से पहले अपने 2 बड़े गेंदबाजों को खोने से टीम का आक्रमण कमजोर पड़ सकता है।