{"_id":"40c6ecf6-e186-11e2-8462-d4ae52bc57c2","slug":"now-champions-trophy-became-history","type":"story","status":"publish","title_hn":"आखिरकार इतिहास बन ही गई चैंपियंस ट्रॉफी","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
आखिरकार इतिहास बन ही गई चैंपियंस ट्रॉफी
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
Updated Mon, 01 Jul 2013 09:30 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'मिनी वर्ल्ड कप' चैंपियंस ट्रॉफी को पुनर्जीवन पाने की आस उस समय खत्म हो गई जब आईसीसी ने अपने वार्षिक सम्मेलन में इसे बंद किए जाने के पहले के फैसले पर अपनी मुहर लगा दी।
विज्ञापन
कम समय में बेहद लोकप्रिय हुए ट्वंटी-20 विश्व कप के आगे चैंपियंस ट्रॉफी की चुनौती पस्त हो गई और वह इतिहास बन गया।
लंदन में पांच दिन तक चले सालाना सम्मेलन में आईसीसी ने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में एक-एक विश्व चैंपियनशिप को बनाए रखने पर सहमति जताई।
वनडे विश्व कप तो पहले से ही मौजूद था और आईसीसी ने चैंपियंस ट्रॉफी को खत्म कर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप आयोजित कराने का फैसला किया है जिसकी शुरुआत वर्ष 2017 में इंग्लैंड से होगी।
विज्ञापन
दूसरा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021 में होगा जिसकी मेजबानी भारत करेगा।
चैंपियंस ट्रॉफी का इतिहास पुराना नहीं
विश्व कप के अलावा 50-50 ओवर के प्रारूप में चैंपियंस ट्रॉफी दूसरा प्रतिष्ठित टूर्नामेंट था जिसमें दुनिया की आठ शीर्ष देश भाग लेते थे।
हालांकि चैंपियंस ट्रॉफी का इतिहास बहुत पुराना नहीं है। 1998 में बांग्लादेश से इसकी शुरुआत हुई थी तब यह नॉकआउट पर आधारित टूर्नामेंट था। दो संस्करणों के बाद इसे राउंड रॉबिन लीग के बाद नॉकआउट आधारित कर दिया गया।
विज्ञापन
महज 15 साल के छोटे से अस्तित्व के बाद चैंपियंस ट्रॉफी का सफर इसी महीने इंग्लैंड में जाकर खत्म हो गया। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारत ने इंग्लैंड को हराकर टूर्नामेंट का आखिरी संस्करण अपने नाम किया।
1998 से लेकर 2013 तक चैंपियंस ट्रॉफी के कुल सात संस्करण आयोजित हुए जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड दो-दो बार खिताब पर कब्जा जमाया।
दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और वेस्ट इंडीज को एक-एक बार चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी जीत हासिल हुई। भारत और श्रीलंका एक बार संयुक्त विजेता बने थे।
टेस्ट के लिए आईसीसी संघर्षरत
वन-डे विश्व कप की शुरुआत 1975 में हुई थी और यह बदस्तूर जारी है। भारत वर्तमान में इस टूर्नामेंट का भी चैंपियन है। क्रिकेट में इसकी लोकप्रियता निरंतर कायम है।
लेकिन टी-20 क्रिकेट के आने के बाद टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता बचाने के लिए आईसीसी संघर्षरत है। और यही कारण है कि टेस्ट चैंपियनशिप के लिए चैंपियंस ट्रॉफी को तिलांजली दी गई।
हालांकि आईसीसी पहले ही फैसला कर चुकी थी कि इंग्लैंड में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी इस टूर्नामेंट का अंतिम संस्करण होगा। लेकिन इंग्लैंड में मैचों के दौरान भारी संख्या में आए दर्शकों को देखते हुए ऐसी उम्मीदें लगनी लगी थी कि इसे आगे भी बरकरार रखा जा सकता है। टूर्नामेंट के दौरान लगातार बारिश के बावजूद दर्शकों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई थी। टूर्नामेंट के 15 में से 12 मैच हाउसफुल रहे थे।