पाकिस्तान के नवनियुक्त कप्तान बाबर आजम ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। आजम भारतीय कप्तान विराट कोहली को आदर्श मानकर उन्हीं की तरह टीम की कमान संभालना चाहते हैं। युवा बाबर के मुताबिक विराट कोहली और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन न सिर्फ खुद अच्छा प्रदर्शन करते हैं बल्कि टीम का नेतृत्व करते हुए अच्छे परिणाम भी देते हैं।
25 वर्षीय बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज खेलनी है। 3, 5 और 8 नवंबर को होने वाले इन मुकाबलों पहले पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि मैं सिर्फ परिणामों की परवाह किए बगैर खेलने से ज्यादी अपनी टीम के प्रदर्शन में भी सुधार की उम्मीद कर रहा हूं, जैसे केन विलियम्सन और विराट कोहली खुद प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मैच दिलाते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज को लेकर बाबर का मानना है कि हर दौरा कठिन होती है। अतिरिक्त उछाल की वजह से यह टूर हमेशा ही से चुनौतीपूर्ण दौरा रहा है, लेकिन हमेशा की तरह इस बार भी हम जीत के लिए ही जाएंगे। मैंने साल 2012 में अंडर-19 टीम के कप्तान के रूप में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। इसके बाद तीन साल पहले वहां का दौरा किया इसलिए मुझे वहां के हालातों का अनुभव है।'
आईसीसी टी-20 रैंकिंग में बाबर फिलहाल दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं। वे श्रीलंका के खिलाफ खेली गई तीन टी-20 की सीरीज में टीम के उपकप्तान थे। सीरीज में वे 43 रन (13, 3 और 27) ही बना सके थे, हालांकि उनका कहना है कि उपकप्तानी की वजह से उनके प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ा।
बाबर ने अब तक 21 टेस्ट, 74 वनडे और 33 टी-20 मैच खेले हैं। इस दौरान टेस्ट करियर में उन्होंने 35.28 की औसत से 1235, वनडे में 54.17 की औसत से 3359 और टी-20 में 49.61 की औसत से 1290 रन बनाए हैं।