NEP vs NED: नीदरलैंड ने नेपाल को छह विकेट से हराया, मैक्स ओ'डॉड का अर्धशतक, प्रिंगल प्लेयर ऑफ द मैच बने
Nepal vs Netherlands T20 World Cup Highlights: टी20 विश्व कप 2024 के सातवें मैच में नीदरलैंड का सामना नेपाल से हुआ। यह मुकाबला डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला गया। नेपाल की टीम पहली बार टी20 विश्व कप खेल रही है। वहीं, नीदरलैंड आईसीसी टूर्नामेंट्स में उलटफेर करने में माहिर है। नीदरलैंड की टीम ने जीत हासिल की।
विस्तार
नीदरलैंड ने टॉस जीतकर नेपाल को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। चार ओवर के अंदर ही नेपाल की ओपनिंग जोड़ी कुशल भुरतेल (7), आसिफ शेख (4) को टिम प्रिंगल और वॉन बीक ने विदा कर दिया। पावरप्ले में नेपाल ने दो विकेट पर सिर्फ 29 रन बनाए। अनिल साह (11) ने दो चौके जरूर लगाए, लेकिन प्रिंगल ने उन्हें भी आउट कर दिया। 9.1 ओवर में नेपाल ने 50 रन पूरे किए। कप्तान रोहित पाउडेल एक छोर से जमे थे। 10वें ओवर में वान मीकरन ने कुशल मल्ला (9) को भी विदा कर दिया।
इसके बाद दीपेंद्र सिंह एयरी को बास डी लीडे ने पवेलियन भेजा। वह नौ रन बना सके। वहीं, मीकेरन ने सोमपाल कामी (0) और लीडे ने करण केसी (17) को आउट किया। प्रिंगल ने अपना तीसरा शिकार कप्तान रोहित पौडेल को बनाया। वह टीम के सर्वोच्च रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 37 गेंद में 35 रन की पारी खेली। वहीं, वान बीक ने अभिनाश बोहारा (0) को आउट कर नेपाल की पारी 19.2 ओवर में 106 रन पर समेट दी।
नीदरलैंड की पारी
107 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। माइकल लेविट एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मैक्स ओडॉड और विक्रमजीत सिंह ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। विक्रमजीत 22 रन बनाकर आउट हुए। साइब्रांड एंगलब्रेक्ट 14 और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स पांच रन बनाकर आउट हुए। आखिर में मैक्स ओडॉड और बास डी लीडे ने नाबाद रहकर नीदरलैंड की टीम को जीत दिलाई। मैक्स ने 48 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन और डी लीडे ने 10 गेंद में 11 रन की पारी खेली। नेपाल की ओर से सोमपाल कामी, दीपेंद्र सिंह और अभिनाश को एक-एक विकेट मिला।
नेपाल: कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), अनिल साह, रोहित पौडेल (कप्तान), कुशल मल्ला, दीपेंद्र सिंह ऐरी, गुलसन झा, सोमपाल कामी, करण केसी, अविनाश बोहरा, सागर ढकाल।
नीदरलैंड: माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉउड, विक्रमजीत सिंह, साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट, बास डी लीडे, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), तेजा निदामानुरु, लोगन वान बीक, टिम प्रिंगल, पॉल वान मीकेरेन, विवियन किंग्मा।
कनाडा के खिलाफ वार्म अप मैच में नेपाल की बैटिंग खराब रही थी, जबकि नीदरलैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ वार्म अप मैच में हार गई थी। ग्रुप-डी में नेपाल और नीदरलैंड के अलावा श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 12 मैच खेले गए हैं। इनमें से सात मुकाबले नीदरलैंड ने और पांच मैचों में नेपाल की टीम ने जीत हासिल की है।