वनडे में दो दोहरा शतक लगाने वाला नवोदित गेंदबाज के आगे हुआ 'फुस्स'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहित शर्मा इस समय वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया के स्थापित बल्लेबाज होने के साथ-साथ भारतीय पारी की शुरुआत करते हैं। हालांकि अपने करियर की शुरुआत में वह लगातार अच्छे फॉर्म में नहीं थे और टीम से अंदर-बाहर होते रहते थे, लेकिन अब वह पिछले कुछ सालों से टीम का नियमित हिस्सा बने हुए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज खेलने से बतौर कप्तान उन्होंने अपनी टीम मुंबई इंडियंस को आईपीएल-8 का खिताब दिलवाया था। वह अपनी कप्तानी में दूसरी बार मुंबई को आईपीएल चैंपियन बनवा चुके हैं। वह जब बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच में महज 6 रन बनाकर आउट हो गए थे तो प्रशंसकों को यह उम्मीद थी कि वह वनडे सीरीज में कमाल दिखाएंगे।
इसकी शुरुआत उन्होंने पहले मैच में कर भी दी थी। पहले वनडे में उन्होंने शिखर धवन के साथ शानदार शुरुआत करते हुए 95 रनों की साझेदारी की थी, साझेदारी टूटने के बाद उन्होंने 63 रनों की बेहतरीन पारी भी खेली। पहले वनडे में 63 रन बनाने तक उनके साथ सब कुछ अच्छा चल रहा था लेकिन इसके बाद उनके साथ मैदान पर कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा।
उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार को बांग्लादेश के नवोदत तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने रोक दिया। 19 साल के इस गेंदबाज का सामना करने में उन्हें पसीना भी आ गया। वह इस तेज गेंदबाज की रफ्तार से इस कदर डरे कि सीरीज के तीनों मैच में समर्पण ही कर दिया। रहमान ने तीनों मैच में रोहित शर्मा का विकेट झटका और वह भी कैच आउट के जरिए।
रोहित बनाम रहमान में बाजी रही बांग्लादेशी गेंदबाज के नाम
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में दो बार दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं लेकिन वह वनडे सीरीज में बांग्लादेश के 19 साल के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के आगे पूरी तरह से नाकाम हो गए।
रोहित बनाम रहमान में बांग्लादेशी गेंदबाज ही हमेशा से हावी रहा है। दोनों के बीच मुकाबले को लेकर बात की जाए तो अंतिम 19 गेंदों में जहां रोहित इस गेंदबाज पर सिर्फ 13 रन बनाने में सफल रहे तो इस दौरान वह 3 बार अपना विकेट भी गंवा बैठे।
सीरीज में दोनों के बीच मुकाबले में बांग्लादेशी गेंदबाज ने रोहित पर लगातार पकड़ बनाए रखी। सीरीज के 3 मैचों में दोनों के बीच कुल 39 गेंदों में आमना-सामना हुआ जिसमें रोहित 34 रन बनाए।
पहले मैच में मुस्ताफिजुर ने रोहित को कुल 21 गेंदें डाली जिसमें वह 25 रन बनाए। यहां तक तो भारतीय बल्लेबाज हावी रहा क्योंकि उसने 119.04 की औसत से रन बनाए, साथ ही 2 चौके और एक छक्का भी जड़ा, लेकिन भिड़ंत की 21वीं गेंद पर जब रोहित आउट हुए तो इसके बाद मुस्ताफिजुर ने अपनी पकड़ बना ली। दूसरे मैच में इस गेंदबाज ने रोहित को खाता भी नहीं खोलने दिया और दूसरी ही गेंद पर उन्हें कैच आउट करा दिया।
तीसरे मैच में भी दोनों के बीच भिड़ंत पहले ही ओवर से हुई और इस बार रोहित शर्मा ने कुछ हद तक उनका सामना भी किया। उन्होंने 16 गेंदों में 13 रन बनाए साथ ही एक चौका भी लगाया। लेकिन वह पिछले दो मैचों में आउट होने का बदला इस गेंदबाज से नहीं ले सके।
एक नहीं दो भारतीय बल्लेबाजों पर बनाई विकेटों की हैट्रिक
तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने अपने वनडे करियर के पहले सीरीज में कुल 13 विकेट झटके जिसमें वह रोहित शर्मा को तीन बार आउट करने में सफल रहे। उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट रोहित के रूप में ही लिया था।
बेहद गजब शुरुआत के साथ अपना वनडे करियर शुरू करने वाले मुस्ताफिजुर ने इस सीरीज में सिर्फ रोहित शर्मा को ही लगातार 3 बार आउट करने का कारनामा नहीं किया है। बल्कि उन्होंने एक अन्य भारतीय बल्लेबाज को भी लगातार 3 मैचों में आउट करने का कारनामा कर दिखाया।
रोहित शर्मा के बाद सीरीज के तीनों मैच में इस गेंदबाज की गेंद पर आउट होने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं सुरेश रैना।