क्लीन चिट मिलने के बाद भावुक हुए मोहम्मद शमी, फैन्स से बांटा अपना दर्द
बीसीसीआई की तरफ से टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को क्लीन चिट मिलने के बाद उन्होंने एक भावुक कर देने वाला ट्वीट किया है। शमी ने ट्वीट के जरिए लिखा, 'मैं तहे दिल से आप सब दोस्तों का आभारी हूं कि आपने अपना भरोसा मुझ पर बनाये रखा। विपरीत घड़ी में आपने अपना प्यार और साथ दिया । देश के लिए....आपके लिए खेलता था.... खेलता रहूँगा।'
मैं तहें दिल से आप सब दोस्तों का आभारी हुँ की आपने अपना भरोसा मुझ पर बनाये रखा। विपरीत घड़ी में आपने अपना प्यार और साथ दिया । देश के लिए....आपके लिए खेलता था.... खेलता रहूँगा👈✌❤❤@circleofcricket @ESPNcricinfo @BCCI @ICC@ICCMediaComms @DelhiDaredevils@abpnewshindi @Umeshnni pic.twitter.com/wXsZWa1ODO
— Mohammad Shami (@MdShami11) March 22, 2018
गौरतलब है कि बीसीसीआई ने शमी की पत्नी हसीन जहां द्वारा लगाए गए मैच फिक्सिंग के आरोपों को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही बीसीसीआई ने शमी को अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के ग्रेड-बी में शामिल कर लिया है। यह फैसला शमी के साथ-साथ टीम इंडिया के लिए भी राहत की सांस लेकर आया है। इसके साथ ही अब वह आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से भी खेलते हुए नजर आएंगे।
इससे पहले पत्नी हसीन जहां द्वारा शमी पर लगाए गए आरोपों के मामले में बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट जांच कर रही थी। यूनिट के अध्यक्ष नीरज कुमार ने इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट प्रशासकों की समिति (सीओए) को सौंपी थी। इस रिपोर्ट में शमी पर लगे मैच फिक्सिंग के आरोपों को एंटी करप्शन यूनिट ने बेबुनियाद ठहरा दिया था।
बता दें कि शमी पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कोलकाता पुलिस में शमी के खिलाफ आईपीसी 498ए (अत्याचार), 323, 307 (हत्या का प्रयास), 376 (बलात्कार), 506 (आपराधिक धमकी), 328 (जहर खुरानी), 34 (कॉमन इंटेंशन) जैसी गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई हुई है। हालांकि, इन सब मामले में पुलिस की जांच जारी है।