सात साल बाद: ब्रिस्टल टेस्ट में आज भिड़ेंगी भारत-इंग्लैंड की महिला टीमें, आंकड़ों से जानें कौन किस पर भारी
मिताली राज की कप्तानी में भारतीय महिला टीम आज से इंग्लैंड की महिला टीम के खिलाफ टेस्ट मैच खलेगी। टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड पर भारतीय महिला टीम हावी रही है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला ब्रिस्टल में होगा।
विस्तार
भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच आज (16 जून) से टेस्ट मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला काउंटी ग्राउंड ब्रिस्टल में होगा। मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम बीते कई दिनों से टेस्ट मैच की जमकर तैयारी कर रही है। भारतीय महिला टीम करीब सात साल बाद टेस्ट मैच खेलेगी। वहीं दूसरी तरफ इंग्लैंड की महिला टीम दीगर टीमों के खिलाफ नियमित अंतराल पर टेस्ट मैच खेलती रहती रही है। आइए हम आपको बताते हैं कि भारत और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच जब कभी टेस्ट मैच हुए तो उनके क्या परिणाम रहे?
यूं तो भारतीय महिला टीम साल 1976 से टेस्ट मैच खेल रही है। लेकिन ये उसकी बदकिस्मती है कि टीम को लगातार टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला। जहां तक भारत और इंग्लैंड की महिला टीम की बात है तो इन दोनों टीमों के बीच अब तक 13 टेस्ट मैच खेले गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में भारत की महिला टीम इंग्लैंड पर हावी रही है और वह इंग्लैंड से आज तक टेस्ट मैच नहीं हारी। दोनों टीमों के बीच खेले गए 13 टेस्ट में से टीम इंडिया ने 2 मुकाबले जीते हैं। वहीं इंग्लैंड की टीम को सिर्फ एक मैच में सफलता मिली जबकि 10 टेस्ट ड्रॉ रहे।
इंग्लैंड ने आठ टेस्ट मैचों में भारतीय महिला टीम की मेजबानी की है। लेकिन उसे किसी भी मुकाबलों में जीत नहीं मिली। कुल मिलाकर टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की धरती पर भारतीय महिला टीम अजेय है। ब्रिस्टल टेस्ट में अगर भारतीय महिला टीम जीत दर्ज करती है तो ये उसकी लगातार चौथी जीत होगी। ऑस्ट्रेलिया को अगर छोड़ दें तो पूरी दुनिया में किसी महिला टीम ने तीन टेस्ट लगातार नहीं जीते। मिताली राज की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत दर्ज कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करना चाहेगी। इंग्लैंड की टीम जब ब्रिस्टल में भारतीय महिला टीम के खिलाफ खेलने उतरेगी तो ओवर ऑल ये उसका 96वां टेस्ट होगा। महिला टेस्ट टीम के तौर पर सबसे ज्यादा मैच इंग्लैंड ने खेले हैं। जबकि भारतीय टीम अपना 37वां टेस्ट खेलेगी।