फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   MI vs RR Match report and Analysis as Mumbai Indians win against Rajasthan Royals in Wankhede

MI vs RR: मुंबई ने रोहित को दिया जन्मदिन का तोहफा, राजस्थान को छह विकेट से हराया, यशस्वी जायसवाल का शतक बेकार

Mon, 01 May 2023 12:23 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: शक्तिराज सिंह Updated Mon, 01 May 2023 12:23 AM IST
सार

आईपीएल के 1000वें मैच में जीत के साथ मुंबई की टीम ने अपने कप्तान रोहित शर्मा को जन्मदिन का तोहफा दिया। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल की 124 रन की पारी बेकार गई, उनकी टीम छह विकेट से मैच हार गई। 
 

विज्ञापन
MI vs RR Match report and Analysis as Mumbai Indians win against Rajasthan Royals in Wankhede
मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आईपीएल के 1000वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से हराकर इस सीजन अपनी चौथी जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर आ गई है। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने 19.3 ओवर में 214 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए टिम डेविड ने 20वें ओवर की तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर मैच खत्म कर दिया। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल की 124 रन की पारी बेकार गई। वहीं, मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने 55 रन बनाए। उनके अलावा टिम डेविड ने 45 और कैमरून ग्रीन ने 44 रन बनाए।
विज्ञापन


इस मैच में मुंबई ने वानखेड़े के मैदान में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया। वहीं, आईपीएल के इतिहास में चौथे सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया। आईपीएल में सबसे बड़ी रन चेज राजस्थान की टीम ने 2020 में पंजाब के खिलाफ की थी। इस मैच में राजस्थान ने 224 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन

राजस्थान की अच्छी शुरुआत
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर की सलामी जोड़ी ने पांच ओवर के अंदर टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया। पावरप्ले के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 65 रन था। बड़े स्कोर की नींव रखी जा चुकी थी। हालांकि, आठवें ओवर में बटलर को पीयूष चावला ने आउट कर दिया। उन्होंने 19 गेंद में 18 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान सैमसन भी कुछ खास नहीं कर सके। वह 10 गेंद में 14 रन बनाकर अर्शद खान का शिकार बने। इसके बाद चावला ने देवदत्त पडीक्कल को अपना दूसरा शिकार बनाया। पडीक्कल सिर्फ दो रन बना सके। 



जेसन होल्डर को इस मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया, लेकिन वह भी नौ गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो गए। शिमरोन हेटमायर भी नौ गेंद में आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मेरिडथ ने ध्रुव जुरेल को दो रन के स्कोर पर आउट किया। हालांकि, यशस्वी जायसवाल एक छोर पर जमे रहे और 53 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। आखिरी दो ओवरों में भी जायसवाल ने ही अधिकतर रन बनाए और राजस्थान की टीम सात विकेट पर 212 रन बनाने में सफल रही। जायसवाल तीन गेंद रहते आउट हो गए, लेकिन अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में सफल रहे। इस मैच में राजस्थान ने मुंबई के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। इससे पहले इस टीम ने 2022 में मुंबई के खिलाफ 193 रन बनाए थे।

अकेले लड़ते रहे जायसवाल
यशस्वी जायसवाल इस मैच में अकेले राजस्थान के लिए रन बनाते रहे। उन्हें किसी का साथ नहीं मिला, लेकिन अपने दम पर ही उन्होंने राजस्थान को 200 रन के पार पहुंचा दिया। उन्होंने 62 गेंद में 16 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 124 रन बनाए। वह आईपीएल में शतक लगाने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय हैं। उन्होंने 21 साल की उम्र में यह कारनामा किया। इस मामले में सबसे आगे मनीष पांडे हैं, जिन्होंने 19 साल की उम्र में ऐसा किया था। वहीं, ऋषभ पंत ने 20 साल और देवदत्त पडीक्कल ने भी 20 साल की उम्र में आईपीएल में शतक लगाया था। जायसवाल आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने इस मैच में 124 रन बनाए। उनसे पहले पॉल वल्थाटी ने 2011 में नाबाद 120 रन बनाए थे। वहीं, 2008 में शॉन मार्श ने 2008 में 115 और 2009 में मनीष पांडे ने नाबाद 114 रन बनाए थे। बटलर ने राजस्थान के लिए संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। इससे पहले बटलर भी 2021 में इस टीम के लिए 124 रन की पारी खेल चुके हैं।



इस मैच में राजस्थान के लिए जायसवाल के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। 18 रन बनाने वाले जोस बटलर टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे। इन दोनों के अलावा संजू सैमसन (14 रन) और जेसन होल्डर (11 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। मुंबई के लिए अर्शद खान ने तीन और पीयूष चावला ने दो विकेट लिए। वहीं, जोफ्रा आर्चर और राइली मेरिडिथ को एक-एक विकेट मिला।

मुंबई की खराब शुरुआत
213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान रोहित शर्मा अपने जन्मदिन पर तीन रन बनाकर संदीप शर्मा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। संदीप ने आईपीएल में पांचवीं बार उन्हें आउट किया। इसके बाद कैमरून ग्रीन और ईशान किशन ने तेजी से रन बनाए। दोनों ने मिलकर पावरप्ले खत्म होने तक मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 58 रन पहुंचा दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 62 रन बनाए। ईशान किशन 28 रन बनाकर अश्विन का शिकार बने।



किशन के आउट होने के बाद सूर्यकुमार ने ग्रीन के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए। अश्विन ने ग्रीन को 44 रन के स्कोर पर आउट कर मैच में अपना दूसरा और टी20 में 300वां शिकार किया। इस समय मुंबई का स्कोर 11 ओवर में तीन विकेट पर 101 रन था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ शानदार साझेदारी कर मुंबई का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद सूर्या भी 29 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हो गए। बोल्ट की गेंद पर संदीप शर्मा ने उनका शानदार कैच पकड़ा। अब मुंबई को जीत दिलाने की जिम्मेदारी तिलक वर्मा और टिम डेविड पर थीं।

टिम डेविड ने तीन छक्के लगाकर दिलाई जीत
तिलक और डेविड ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 181 रन तक पहुंचा दिया। मुंबई को जीत के लिए आखिरी दो ओवर में 32 रन की जरूरत थी। संदीप शर्मा के 19वें ओवर में 15 रन बने और आखिरी ओवर में मुंबई को 17 रन चाहिए थे। जेसन होल्डर के ओवर की शुरुआती तीन गेंदों में टिम डेविड ने तीन छक्के लगाकर मुंबई को तीन गेंद रहते ही जीत दिला दी। डेविड 14 गेंद में 45 और तिलक 21 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए अश्विन ने दो विकेट लिए। बोल्ट और संदीप शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed