INDvWI: वनडे में भी विंडीज पर दबदबे की तैयारी, कैरेबियाई टीम पर लगातार 10वीं सीरीज जीतने का मौका
- एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए पिछले सात मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने बाजी मारी है
- स्पिन गेंदबाजों को लिए मुफीद हो सकती है पिच
- रोहित के साथ राहुल कर सकते हैं भारतीय पारी की शुरुआत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत रविवार से यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा। विराट की अगुआई में भारतीय टीम की नजरें कैरेबियाई टीम के खिलाफ लगातार 10वीं द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने पर टिकी होंगी। पिछले 24 घंटे से यहां बारिश हो रही है जिससे दोनों टीमों की नजरें मौसम पर भी टिकी होंगी। रात को भारी बारिश के कारण मैदान गीला होने से भारतीय टीम का अभ्यास सत्र रद्द कर दिया गया है। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया था।
मेजबान टीम को तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की कमी खलेगी। भुवनेश्वर ने मुंबई में तीसरे टी-20 में कमर में दर्द की शिकायत की थी। मेडिकल जांच में पाया गया कि इस तेज गेंदबाज के हर्निया के लक्षण फिर से उभर आए हैं।
जबकि धवन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नांमेंट के दौरान लगी चोट से अब तक नहीं उबर पाए हैं। भुवनेश्वर की जगह शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है। धवन के विकल्प के तौर पर टेस्ट ओपनर मयंक अग्रवाल को शामिल किया गया है। देखना यह होगा कि कर्नाटक के इस बल्लेबाज को वन-डे सीरीज में पदार्पण का मौका मिलता है या नहीं।
मुंबई में सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और लोकेश राहुल के अलावा कप्तान विराट कोहली की शानदार पारियों से टी-20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम लय में है। धवन की गैरमौजूदगी में पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी रोहित के साथ राहुल को सौंपी जा सकती है।
पंत के लिए एक और अवसर
सभी की नजरें विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर भी टिकी होंगी जो पिछले कुछ समय से बल्ले और ग्लव्स के साथ प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। पहले वन-डे के जरिए उन्हें एक बार फिर कोहली और टीम प्रबंधन के भरोसे पर खरा उतरने का मौका मिलेगा।
अन्य बल्लेबाज श्रेयस अय्यर मौकों का फायदा उठाने में सफल रहे हैं और उम्मीद है कि उन्हें चौथे नंबर पर बरकरार रखा जाएगा। यह स्थान पिछले कुछ समय से चर्चा का केंद्र रहा है। अंबाती रायडू और विजय शंकर सहित कई खिलाड़ियों को इस स्थान पर आजमाया गया जिसके बाद अय्यर इस क्रम पर अपनी जगह पक्की करने की कोशिश में जुटे हैं।
चहल-कुलदीप की जुगलबंदी
यह भी देखना होगा कि युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी को चेपक की स्पिन की अनुकूल पिच पर एक बार फिर साथ खेलने का मौका मिलता है या नहीं। ये दोनों पिछली बार विश्व कप में एक साथ खेले थे। अनुभवी मोहम्मद शमी और दीपक चाहर संभवत: तेज गेंदबाजी आक्रमण में शामिल होंगे और उन्हें वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाजों की चुनौती का सामना करना होगा।
लुईस की चोट मेहमानों को झटका
वेस्टइंडीज को उम्मीद होगी कि मुंबई में अंतिम टी-20 के दौरान क्षेत्ररक्षण करते हुए चोटिल हुए आक्रामक सलामी बल्लेबाज इविन लुईस वनडे सीरीज में खेल पाएंगे। पहले वनडे से पूर्व उनकी चोट का आकलन किया जाएगा। हेटमायर और निकोलस पूरन पर विंडीज का दारोमदार होगा जिन्होंने सबसे छोटे प्रारूप में अपनी क्षमता दिखाई है।
ऑलराउंडर रोस्टन चेस को अंतिम एकादश में जगह मिलने की उम्मीद है। कप्तान किरोन पोलार्ड को अच्छे प्रदर्शन करके टीम के अपने साथियों को प्रेरित करना होगा। गेंदबाजी में पेसर शेल्डन कॉटरेल और स्पिनर हेडन वाल्श जूनियर की अगुआई में मेहमान टीम के सामने शानदार फॉर्म में चल रहे रोहित, राहुल और कोहली को रोकने की मुश्किल चुनौती होगी।
आंकड़ें और रिकॉर्ड
आईसीसी वन-डे रैंकिंग
- भारत 02, विंडीज 09
मौसम
- बारिश के कारण मौसम में नमी है। हालांकि रविवार को बारिश की संभावना कम है, लेकिन दिसंबर में चेन्नई के मौसम के बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
- पिच : परंपरागत रूप से स्पिनरों की मददगार रहती है। ऐसे में भारतीय कप्तान दो स्पिनर उतार सकते हैं।
भारत-विंडीज आमने-सामने
- कुल मैच : 128
- भारत जीत : 61
- विंडीज जीत : 62
(*दो मैच टाई रहे जबकि तीन बेनतीजा)
टीम इस प्रकार है
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर।
वेस्टइंडीज: किरोन पोलार्ड (कप्तान), सुनील अंबरीश, शाई होप, खैरी पियरे, रोस्टन चेस, अल्जारी जोसेफ, शेल्डन कॉटरेल, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन, शिमरॉन हेतमायर, इविन लुईस, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, कीमो पाल और हेडन वाल्श जूनियर।