World Cup 2019: श्रीलंका के सामने अफगानी चुनौती, दोनों टीमें जीत के साथ खोलना चाहेंगी अपना खाता
- अपना पहला मुकाबला हार चुकी दोनों टीमें दर्ज करना चाहेंगी जीत
- 02 बार दोनों टीमों विश्व कप में आमने-सामने होंगी, 2015 में खेले गए एकमात्र मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को हराया था
- 03 वनडे दोनों टीमों ने अब तक खेले हैं जिसमें श्रीलंका ने दो और अफगानिस्तान ने एक जीता है
- 91 रन से हराया था पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को एशिया कप में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड से दस विकेट से करारी शिकस्त झेलने वाली श्रीलंकाई टीम मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। हालांकि यह सब इतना आसान नहीं है। अफगानिस्तान के लड़ाके उलटफेर में माहिर हैं।
अफगानिस्तान को भी पहले मुकाबले में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के हाथों शिकस्त मिली थी। हालांकि अफगानिस्तान का प्रदर्शन बेहतर रहा था। श्रीलंकाई टीम न्यूजीलैंड के सामने मात्र 136 रनों पर सिमट गई थी। सिर्फ कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ही अर्धशतकीय पारी खेल पाए थे। श्रीलंका की बल्लेबाजी ही नहीं गेंदबाजी भी कमजोर है। उसके सबसे अनुभवी गेंदबाज लसिथ मलिंगा उस फॉर्म में नहीं दिख रहे हैं जिसके लिए वो जाने जाते हैं। तिषारा परेरा और नुवान प्रदीप भी प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे हैं। श्रीलंका को जीत दर्ज करने के लिए इकाई के रूप में प्रदर्शन करना होगा।
गेंदबाजी अफगानिस्तान की ताकत
गेंदबाजी अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत है। राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी की स्पिन तिकड़ी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने का दम रखती है। तेज गेंदबाजी में कप्तान गुलबदिन नैब, दौलत जादरान और हामिद हसन भी पूरे रंग में हैं।
अफगानिस्तान भले ही पहला मैच हार गया लेकिन उसने जो प्रतिद्वंद्विता दिखाई थी उससे उसका आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा। बल्लेबाजी में नजीबुल्लाह जादरान और रहमत शाह ने बल्ले से अच्छा किया था। नैब ने भी संघर्षपूर्ण पारी खेली थी। टीम के लिए चिंता का सबब सलामी जोड़ी है जो खाता भी नहीं खोल पाई थी।
इस प्रकार हैं दोनों टीमें
श्रीलंका: दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), अविष्का फर्नांडो, लाहिरू थिरिमाने, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजया सिल्वा, जेफरी वांडरसे, थिसारा परेरा, इसुरु उदाना, लसिथ मलिंगा, सुरंगा लकमल, नुवान प्रदीप, जीवन मेंडिस, मिलिंदा सिरिवर्धना
अफगानिस्तानः गुलबदीन नायब (कप्तान), मोहम्मद शहजाद (विकेटकीपर), नूर अली जादरान, हजरतुल्लाह जजई, रहमत शाह, असगर अफगान, हशमतुल्ला शाहिदी, नजीबुल्लाह जादरान, समीउल्लाह शेनवारी, मोहम्मद नबी, राशिद खान, दवालत जादरान, आफताब आलम, हामिद हसन और मुजीब उर रहमान।