फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   LSG vs RCB Match Report and Scorecard as Lucknow Super giants beat Royal challengers bangalore by one wicket

LSG vs RCB: 213 रन बनाकर मैच हारी आरसीबी, एक विकेट से मैच जीत लखनऊ अंक तालिका में शीर्ष पर

Tue, 11 Apr 2023 01:25 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु Published by: शक्तिराज सिंह Updated Tue, 11 Apr 2023 01:25 AM IST
सार

आरसीबी पर जीत के साथ ही लखनऊ की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। लखनऊ के पास अब चार मैच में तीन जीत के साथ छह अंक हैं। 
 

विज्ञापन
LSG vs RCB Match Report and Scorecard as Lucknow Super giants beat Royal challengers bangalore by one wicket
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आईपीएल 2023 में सोमवार (10 अप्रैल) को इस सीजन का सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को एक विकेट से हरा दिया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में लखनऊ ने नौ विकेट खोकर 213 रन बनाए और आखिरी गेंद में मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही लखनऊ के पास चार मुकाबलों में छह अंक हो गए हैं और यह टीम अंक तालिका में शीर्ष पर आ गई है। 
विज्ञापन

 



इस मैच में आरसीबी के लिए विराट कोहली ने 44 गेंद में 61, ग्लेन मैक्सवेल ने 29 गेंद में 59 और कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 46 गेंद में नाबाद 79 रन बनाए। वहीं, लखनऊ के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 30 गेंद में 65 और निकोलस पूरन ने 19 गेंद में 62 रन की पारी खेली।
विज्ञापन
विज्ञापन


बैंगलोर ने लखनऊ के खिलाफ दो विकेट पर 212 रन बनाए
कप्तान फाफ डु प्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 गेंद में निभाई गई 115 रन की साझेदारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ दो विकेट पर 212 रन बनाए। इससे पहले विराट कोहली ने 44 गेंद में 61 रन की पारी खेली। उन्होंने फाफ के साथ पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। मैक्सवेल ने 29 गेंद में छह छक्कों और तीन चौकों की मदद से 59 रन बनाए, जबकि फाफ 46 गेंद में पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 79 रन पर नाबाद रहे। 



कोहली ने पावरप्ले में बनाए सबसे ज्यादा रन
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर आरसीबी को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने राहुल के इस फैसले को उल्टा साबित कर दिया। खासतौर पर विराट ने दूसरे ही ओवर में आवेश खान पर लगातार चौका और छक्का लगाया। इसके बाद विराट ने मार्क वुड पर छक्का और चौका लगाया। विराट पावरप्ले में मुखर होकर खेले। उन्होंने आईपीएल इतिहास में पावरप्ले में अपने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने 2018 में राजस्थान के खिलाफ पावरप्ले में 36 रन बनाए। हालांकि आरसीबी पावरप्ले में 56 रन ही बना पाया।

विराट और फाफ दोनों ने बनाया 35 गेंद में अर्धशतक
विराट ने जल्द ही 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हालांकि अमित मिश्रा ने आक्रमण पर आते ही उन्हें मिडविकेट बाउंड्री पर स्टोइनिस के हाथों कैच कराया। विराट ने 44 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। उन्होंने फाफ के साथ 69 गेंद में 96 रन की साझेदारी की। ग्लेन मैक्सवेल ने अमित मिश्रा पर चौका और छक्का लगाया। बिश्नोई के अगले ओवर में फाफ ने लगातार दो छक्के लगाए। इसमें एक 115 मीटर लंबा छक्का स्टेडियम के बाहर निकल गया। इसी ओवर में मैक्सवेल ने भी छक्का लगाया। फाफ ने 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों ने इस दौरान अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की।



अंतिम पांच ओवर में बनें 75 रन
15 ओवर में आरसीबी का स्कोर 137 रन पर एक विकेट था। यहां से फाफ और मैक्सवेल ने जबरदस्त धुनाई शुरू की। उनादकट की ओर फेंके गए 18वें ओवर में 23 रन आए, जिसमें एक चौका और दो छक्के फाफ ने लगाए। मैक्सवेल ने आवेश के अगले ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर आईपीएल में अपना 14वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंद में अर्धशतक बनाया। इस ओवर में 20 रन आए और आरसीबी 200 पार पहुंच गया। दोनों ने 44 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी की। आरसीबी ने अंतिम पांच ओवर में 75 रन बनाए।

213 रन का पीछा करते हुए लखनऊ की खराब शुरुआत
213 रन के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। पहला विकेट एक रन के स्कोर पर गिरा और दूसरा विकेट 23 रन के स्कोर पर। कायेल मेयर्स खाता खोले बिना आउट हो गए। वहीं, दीपक हुड्डा नौ रन बनाकर आउट हुए। 23 रन के स्कोर पर ही लखनऊ का तीसरा विकेट गिरा। क्रुणाल पांड्या भी अपना खाता नहीं खोल पाए। चार ओवर में 23 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर लखनऊ की टीम संघर्ष कर रही थी।  



स्टोइनिस ने कराई लखनऊ की वापसी
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मार्कस स्टोइनिस ने लोकेश राहुल के साथ मिलकर पारी संभाली। उन्होंने 30 गेंद में 65 रन बनाए और 11वें ओवर में आउट होने से पहले लखनऊ का स्कोर 99 रन तक पहुंचा दिया। पूरन ने दूसरी गेंद पर ही छक्का लगाकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन राहुल अगली ही गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 20 गेंद में 18 रन बनाए।

पूरन ने पलटा मैच
राहुल के आउट होने के बाद निकोलस पूरन ने तूफानी अंदाज में रन बनाए। उन्होंने महज 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक भी है। पूरन ने 19 गेंद में 62 रन की पारी खेली। वह 17वें ओवर में आउट हुए। तब तक टीम का स्कोर 189 रन हो चुका था। इसके बाद आयुष बदोनी और जयदेव उनादकट मैच को आगे ले गए, लेकिन बदोनी भी छक्का लगाने के प्रयास में हिट विकेट हो गए। उन्होंने 24 गेंद में 30 रन बनाए। 



पुछल्ले बल्लेबाजों ने दिलाई रोमांचक जीत
अंत में जयदेव उनादकट टीम को जीत की दहलीज पर ले गए, लेकिन सात गेंद में नौ रन बनाने के बाद वह भी आखिरी ओवर में आउट हो गए। आवेश खान ने आखिरी गेंद पर बाई का रन लेकर टीम को जीत दिलाई। आरसीबी के लिए सिराज और वेन पार्नेल ने तीन-तीन विकेट लिए। हर्षल पटेल को दो और कर्ण शर्मा को एक विकेट मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed