एक गेंद पहले KKR जीता, पहले पायदान पर भी कब्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-8 के 44वें मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी के बावजूद किंग्स इलेवन पंजाब की हार का सिलसिला खत्म नहीं हुआ। 184 रनों का बड़ा टारगेट देने के बावजूद पंजाब ने यह मैच भी गंवा दिया। टूर्नामेंट में उसकी यह 9वीं हार है।
दूसरी ओर, क्षेत्ररक्षकों के लचर प्रदर्शन के बाद आंद्रे रसेल (51) की खेली गई तूफानी पारी की बदौलत कोलकाता नाइटराइडर्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को एक विकेट से हराने के साथ ही पहली बार शीर्ष पायदान पर कब्जा जमा लिया।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
कोलकाता के ईडेन गार्डंस में खेले गए मुकाबले में कोलकाता को जीत के लिए 184 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला लेकिन अच्छी शुरुआत के बाद विकेटों के लगातार पतन से वह जीत से दूर जाती दिखी, लेकिन आंद्रे रसेल ने 19 गेंदों में आतिशी अर्धशतकीय पारी खेलकर कोलकाता को जीत के करीब पहुंचा दिया। बाकी का काम पुछल्ले बल्लेबाजों ने कर दिखाया।
इससे पहले पंजाब ने अन्य मैचों की तुलना में आज बेहतर बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। टीम की ओर से ग्लेन मैक्सवेल (43) और रिदिमान साहा (33) ने तूफानी पारी खेली। कोलकाता ने फिल्डिंग बेहद खराब की और कुल 5 कैच छोड़े।
रसेल के आगे नहीं चले पंजाब के गेंदबाज
पंजाब से मिले बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों रॉबिन उथप्पा और गौतम गंभीर ने टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की। लेकिन चौथे ओवर में उथप्पा (17) के रुप में टीम को पहला झटका लगा।
पहले झटके के बाद मनीष पांडे ने गंभीर के साथ टीम को संभाला और कुछ देर टिककर बल्लेबाजी की। लेकिन जल्द ही ग्लेन मैक्सवेल ने कोलकाता को दूसरा झटका दे दिया।
शानदार बल्लेबाजी करने के बाद मैक्सवेल गेंदबाजी में भी लय में नजर आए। उन्होंने पांडे (22) को चलता किया। इसके बाद स्कोर 7 रन ही बना था कि कोलकाता ने अपना कप्तान गंभीर (24) का विकेट भी गंवा दिया। सूर्यकुमार यादव (9) गुरकीरत सिंह का दूसरा और पंजाब का चौथा शिकार बने।
चार झटके लग जाने के बाद युसूफ पठान (29) के आंद्रे रसेल के साथ अच्छी बल्लेबाजी की। पठान ने 3 छक्के लगाए। वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन 15वें ओवर में वह स्टंप आउट हो गए।
जबकि दूसरी ओर से रसेल का जौहर इस मैच में दिखा। उन्होंने शानदार मात्र 19 गेंदो में फिफ्टी लगाई। अपनी शानदार फिफ्टी में रसेल ने 4 छक्के और 5 चौके लगाए। वह (51) पंजाब का छठा शिकार बने। 18वें ओवर में जोहान बोथा (2) के रुप में टीम ने सातवां विकेट खोया।
आखिरी ओवर में कोलकाता ने पहले आठवां विकेट गंवा दिया और फिर पीयूष चावला (18) ने छक्का लगाकर बराबरी की। लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर वह भी आउट हो गए। लेकिन आखिरकार पांचवीं गेंद पर कोलकाता ने बाजी मार ही ली।
आज पंजाब के बल्लेबाजों में दिखा कुछ दम
लगता है कि इस मैच में भी वीरेंद्र सहवाग को टीम में शामिल न किए जाने का फैसला कुछ हद तक सही रहा। कम से कम टीम को मजबूत शुरुआत तो मिली। टॉस जीतकर इससे पहले पंजाब की ओर से पहले बल्लेबाजी करने मुरली विजय के साथ मनन वोहरा पहुंचे। दोनों ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। हालांकि टीम को अच्छी शुरुआत देने के पीछे कोलकाता की खराब फिल्डिंग भी रही। सुनील नारायन के दो ओवरों में पहले ब्रैड हॉग फिर उमेश यादव ने कैच टपकाए।
लेकिन 6वें ओवर में नारायन ने विजय (28) को बोल्ड कर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। हालांकि पहला विकेट गिरने के बाद पंजाब ने बल्लेबाजी में लय खोने नहीं दी और कुछ देर वोहरा का रिद्दिमन साहा ने बखूबी साथ दिया। लेकिन 39 के स्कोर पर मनन वोहरा नारायन और कोलकाता का दूसरा शिकार बने। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने आकर साहा के साथ स्कोर को आगे बढ़ाया। 14वें ओवर में टीम ने 100 का आंकड़ा पार किया।
पिछले कुछ मैचों में लय से भटके दिख रहे ग्लेन मैक्सवेल इस मैच में लय में नजर आए और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। लेकिन फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 3छक्के और 4 चौके लगाकर 21 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया। वहीं इसी ओवर में साहा (33) भी चलते बने। मैक्सवेल और साहा दोनों नारायन के ही शिकार बने। आखिरी ओवर में आंद्रे रसैल ने गुरक्रीत सिंह (4) को आउट कर अपनी टीम को पांचवीं सफलता दिलाई। हालांकि इस ओवर में डेविड मिलर (नाबाद 27) ने रसैल की गेंदों की खूब पिटाई की और 20 रन कूटे।