पुजारा के शतक, अमित की फिफ्टी के बाद बारिश ने डाली बाधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोलंबो टेस्ट के लगातार दूसरे दिन भी बारिश ने खलल डाल ही दिया लेकिन इससे पहले चेतेश्वर पुजारा ने शानदार शतक और अमित मिश्रा ने साहसिक फिफ्टी जमाकर भारत को संकट से उबार लिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन बारिश के कारण समय से पहले खेल खत्म किए जाने के समय टीम इंडिया ने 8 विकेट खोकर 292 रन बना लिए थे। क्रीज पर ओपनर चेतेश्वर पुजारा (135) और इशांत शर्मा (2) खेल रहे थे। पुजारा के करियर का यह सातवां शतक है। अमित मिश्रा (59) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पुजारा के साथ आठवें विकेट के लिए रिकॉर्ड 104 रनों की साझेदारी की।
मैच के पहले दिन लगातार बारिश ने करीब 75 ओवर का खेल प्रभावित किया था। लंच से पहले शुरू हुई बारिश लगातार होती रही और शाम तक जारी रही जिस कारण अंपायरों ने समय से पहले ही शुरुआती दिन के खेल को खत्म घोषित कर दिया। पहले दिन का खेल केवल 15 ओवरों का ही हो पाया था।
पुजारा ने इस शतकीय पारी के साथ-साथ 4 बल्लेबाजों के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। मेजबान टीम की ओर तेज गेंदबाज धमि्मका प्रसाद 4 विकेट झटक चुके हैं।
दो अर्धशतकीय साझेदारी के बावजूद भारत का शीर्ष क्रम लड़खड़ाया
पहले दिन बारिश के कारण सिर्फ 15 ओवर का ही खेल हो पाया था। दूसरे दिन की शुरुआत जब हुई तो कल के नाबाद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और कप्तान विराट कोहली क्रीज पर आए। दोनों ने टीम के लिए अभी 14 रन और ही जोडे़ थे कि कोहली कैच आउट हो गए। विपक्षी कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने दिन के नौंवें ओवर में कोहली को विकेटकीपर कुशल परेरा के हाथों कैच आउट करा दिया। कोहली 18 रन बनाकर आउट हुए।
हालांकि आउट होने से पहले कोहली ने पुजारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की थी। उनके जाने के बाद रोहित शर्मा क्रीज पर और धीमी बल्लेबाजी करते हुए पहला घंटा आराम से निकाल दिया। रोहित और पुजारा ने संयम का खेल दिखाया और टीम को लंच से पहले 100 के पार पहुंचा दिया। इस बीच पुजारा ने 127 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। ओपनर पुजारा के बल्ले से 8 महीने बाद टेस्ट में पहली फिफ्टी निकली है। उन्होंने इससे पहले दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया में मेजबान टीम के खिलाफ 73 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी।
पुजारा और रोहिस के बीच चौथे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई और ऐसा लग रहा था कि यह जोड़ी लंच के बाद भी मैदान पर बना रहेगी, लेकिन तेज गेंदबाज धमि्मका प्रसाद ने लंच से तुरंत पहले ही रोहित (26) को कैच आउट करा दिया। उनके आउट होते ही खिलाड़ लंच पर चले गए। लंच से लौटने के तुरंत बाद धमि्मका ने स्टुअर्ट बिन्नी (0) को पगबाधा करा दिया। लगातार 2 गेंद पर विकेट लेने के कारण उनके पास हैट्रिक बनाने का मौका था लेकिन पुजारा ने बनने नहीं दिया।
दो अर्धशतकीय साझेदारी के बावजूद भारत की आधी टीम यानी 5 विकेट महज 119 रनों पर ही गिर गए थे।
पुजारा ने अमित के साथ साझेदारी का बनाया रिकॉर्ड
ओपनर चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर बने हुए थे लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों के पतन के कारण टीम लगातार संघर्ष कर रही थी। धमि्मका प्रसाद के ओवर में लंच से पहले और लंच के बाद लगातार 2 गेंदों पर 2 विकेट गंवाने के बाद पुजारा का साथ देने नवोदित क्रिकेटर नमन ओझा आए और दोनों ने छठ विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर डेढ़ सौ के पार पहुंचा दिया। शानदार बल्लेबाजी कर रहे ओझा 21 रन बनाकर कैच आउट हो गए।
हालांकि इसके बाद क्रीज पर आए आर अशि्वन ज्यादा देर तक टिके नहीं रह सके और धमि्मका की गेंद पर 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अशि्वन जब आउट हुए उस समय टीम का स्कोर 6 विकेट पर 173 रन था और लग रहा था कि भारत 200 के पार भी नहीं जाएगा। लेकिन नौंवें नंबर के बल्लेबाज अमित मिश्रा ने पुजारा का भरपूर साथ दिया और टीम 250 के पार पहुंचा दिया।
अमित ने शुरुआत से ही तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया जिस कारण पुजारा अपने शतक की ओर आराम से बढ़ते गए। टी-ब्रेक से पहले पुजारा ने करियर का सातवां शतक ठोंक दिया। दिसंबर 2014 के बाद पहली बार टीम में शामिल हुए पुजारा के बल्ले से डेढ़ साल से भी ज्यादा समय के बाद शतक आया है। इसके अलावा पुजारा ने पारी में चौथी बार 50 या उससे ज्यादा की साझेदारी की।
पुजारा और अमित ने 104 रनों की साझेदारी की जो श्रीलंका के खिलाफ आठवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है। लाजवाब बल्लेबाजी करते हुए अमित ने करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा कर लिया। बारिश के कारण दूसरे दिन भी समय से पहले खेल को खत्म करा दिया गया।
टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी हुई फेल
टॉस गंवाने के बाद भारत ने एक बार फिर नई सलामी जोड़ी के साथ पारी की शुरुआत की। सीरीज में लगातार तीसरी बार लोकेश राहुल (2) नए जोड़ीदार के साथ उतरे। पहले मैच में शिखर धवन, दूसरे टेस्ट में मुरली विजय के साथ पारी का आगाज करने के बाद लोकेश ने इस मैच में चेतेश्वर पुजारा के साथ पारी शुरू की।
लेकिन यह जोड़ी भी नाकाम रही और पारी की दूसरी ही गेंद पर खुद लोकेश बोल्ड हो गए। तेज गेंदबाज धम्मिका प्रसाद की गेंद को जानबूझकर छोड़ा और वह बोल्ड हो गए। शुरुआती झटके से भारत अभी उबरने में जुटा ही था कि चौथे ओवर में अजिंक्य रहाणे (8) भी चलते बने। वह नुवान प्रदीप की गेंद पर पगबाधा हो गए।
सिर्फ 12 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद गहरे संकट में घिरी टीम इंडिया को संभालने खुद कप्तान विराट कोहली पहुंचे। पुजारा के साथ वह क्रीज पर पहले दिन का खेल खत्म होने तक बने रहे। हालांकि मैच सिर्फ 15 ओवर का ही चल सका। भारी बारिश के चलते मैच रोक दिया गया। करीब 4 बजे अंपायरों ने स्टंप्स करा दिया।
विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया की निगाहें श्रीलंका में 22 साल में पहली टेस्ट सीरीज जीत पर लगी हैं। 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर बनी हुई हैं। ऐसे में निर्णायक बन गए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद लगाई जा रही है। इससे पहले भारतीय टीम ने 1993 में मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुआई में श्रीलंका में 1-0 से सीरीज जीती थी।