रहाणे का शतक, जडेजा का 'पंजा', SA 121 पर सिमटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टेस्ट सीरीज में पिच की आलोचना करने वाले अब शायद पिच को लेकर कोई नया आरोप लगाने की कोशिश करें क्योंकि दिल्ली के फिरोजशाह कोटला की जिस पिच पर भारतीय पारी के दौरान एक शतक और एक अर्धशतक लगा वहीं अफ्रीकी बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप हो गए और टीम 50 ओवर के अंदर ही सिमट गई।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन अजिंक्य रहाणे (127) के सीरीज में लगाए पहले शतक की बदौलत भारत ने पहली पारी में 334 रन बनाए। पहली बार इस सीरीज में किसी टीम ने 250 से ज्यादा का स्कोर किया था जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम 50 ओवर के अंदर 121 रनों पर सिमट गई। उसकी ओर से एबी डीविलियर्स ने 42 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। पहली पारी के आधार पर भारत को 213 रनों की विशाल बढ़त हासिल हुई और वह मेहमान को फॉलोऑन के लिए कह सकता है।
टी-ब्रेक से पहले दक्षिण अफ्रीका का सिर्फ एक ही विकेट गिरा था लेकिन इसके बाद रविंद्र जडेजा के झटके ताबड़तोड़ 5 विकेटों के आगे दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कहीं टिक नहीं सके और 49.3 ओवर में आउट हो गए। जडेजा ने 30 रन देकर 5 विकेट झटके जबकि उमेश यादव और आर अश्विन ने 2-2 और इशांत शर्मा को एक सफलता मिली।
इससे पहले लंच के आधे घंटे बाद भारत की पहली पारी 334 रनों पर खत्म हो गई। इमरान ताहिर की गेंद पर आउट होने से पहले रहाणे (127 रन, 215 गेंद) ने आर अश्विन (56) के साथ आठवें विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। ढाई साल पुराने अपने टेस्ट करियर में रहाणे ने भारत की सरजमीं पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। फिर अश्विन ने लंच से पहले छक्का मारकर अपने करियर की छठी फिफ्टी लगाई। अफ्रीकी टीम की ओर से काइली एबॉट 40 रन देकर 5 विकेट लिए।
शतक से पहले रहाणे ने लगाई शानदार 'हैट्रिक'
भारत ने दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन अपने कल के स्कोर 7 विकेट पर 231 रन से आगे खेलना शुरू किया तो सभी की नजर उन दो चीजों पर थी जो इस सीरीज में अभी तक नहीं हो सकी थी। पहला किसी भी टीम ने इस सीरीज में अभी तक 250 से ज्यादा का स्कोर नहीं किया था और दूसरा किसी भी बल्लेबाज के बल्ले से शतक भी नहीं निकला था।
अपने देश में अपनी सर्वश्रेष्ठ टेस्ट पारी खेल रहे अजिंक्य रहाणे ने पहले दिन कप्तान विराट कोहली (44) और रविंद्र जडेजा (24) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की थी और दूसरे दिन उन्होंने आर अश्विन के साथ आठवें विकेट के लिए 50 रनों से ज्यादा की साझेदारी कर डाली। रहाणे और अश्विन ने दूसरे दिन संयम के साथ खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया और टीम को सीरीज में पहली बार 250 के पार पहुंचा दिया।
इसके बाद रहाणे ने चौके के साथ सीरीज में पहला शतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का पांचवां और भारत में पहला शतक है। इससे पहले इस सीरीज में सबसे बड़ी पारी अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने दूसरे टेस्ट मैच में 89 रनों की पारी खेली थी। शतक पूरा करने के बाद रहाणे ने अपना हाथ खोलने की कोशिश की और फिरकी गेंदबाज डेन पिड्ट के एक ओवर में 2 जोरदार छक्के ठोंक दिए।
इमरान ताहिर की गेंद पर आउट होने से पहले रहाणे (127 रन, 215 गेंद, 11 चौका और 4 छक्का) ने आर अश्विन (56) के साथ आठवें विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। इसके बाद अश्विन ने लंच से पहले छक्का मारकर अपने करियर की छठी फिफ्टी लगाई। लंच के बाद आधे घंटे के अंदर तेज गेंदबाज काइली एबॉट ने एक ओवर में अश्विन और इशांत शर्मा (0) का विकेट लेकर भारतीय पारी का अंत 334 रनों पर किया।
जडेजा और उमेश की 'जुगलबंदी' के आगे फुस्स हुई अफ्रीकी टीम
तेज गेंदबाज काइली एबॉट के 5 विकेट के दम पर भारतीय पारी को 334 रनों पर समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका को अपने बल्लेबाजों से माकूल जवाब की आस थी जिसे बल्लेबाज पूरा नहीं कर सके। हालांकि इस मैच में उनके लिए पारी की शुरुआत करने एक नई जोड़ी मैदान पर उतरी। डीन एल्गर और थिंबा बावुमा ने पारी की शुरुआत करते हुए अपनी टीम को सीरीज के लिए सबसे बड़ी शुरुआती साझेदारी की।
दोनों ने 14.3 ओवर में 36 रनों की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को पहली सफलता के लिए लंबा इंतजार कराया। उमेश यादव ने एल्गर (17) को विकेट के पीछे कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इस सफलता के बाद गेंदबाजों ने जैसे अफ्रीकी बल्लेबाजों की कमजोरी पकड़ ली और अगले 25 रन के अंदर 4 और विकेट झटक लिए। रविंद्र जडेजा ने दूसरे सफलता हासिल करते हुए बावुमा (22) को बोल्ड किया।
इसके बाद जडेजा ने अगले 2 ओवर में कप्तान हाशिम अमला (3) और फैफ डु प्लेसिस (0) के विकेट झटककर भारत को उम्मीद से कहीं बड़ी सफलताएं दिला दी। अफ्रीकी टीम अभी झटकों से उबरी भी नहीं थी कि उमेश यादव ने ऑलराउंडर जेपी डुमिनी (1) को बोल्ड कर भारत को पांचवीं सफलता दिला दी। अफ्रीका ने महज 65 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडराने लगा।
विस्फोटक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने 42 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली लेकिन उनके अलावा अन्य बल्लेबाज क्रीज पर टिके नहीं रह सके और पूरी टीम 121 रन पर आउट हो गई। जडेजा ने 30 रन देकर 5 विकेट झटके।