कप्तान शिखर धवन ने ठोकी सेंचुरी, मैच में पकड़ मजबूत
शिखर धवन की कप्तानी में भारत ए का बांग्लादेश ए के बीच तीनदिवसीय गैर आधिकारिक मैच के पहले दिन भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम 228 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि टीम की ओर से मध्यक्रम बल्लेबाज शबीर रहमान (नाबाद 122) की शतकीय पारी टीम की लाज बचाने में कामयाब रही।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने एक विकेट खोकर 33 ओवर में 161 रन बना लिए। क्रीज पर कप्तान शिखर धवन (116) व श्रेयस अय्यर (6) नाबाद हैं।
भारतीय टीम को पहला झटका अभिनव मुकुंद (34) के रुप में लगा। कप्तान धवन के साथ मुकुंद ने 153 रनों की शतकीय साझेदारी की। इससे पहले धवन बल्लेबाजी में बांग्लादेश पर हावी रहे।
चोट के कारण टीम से बाहर हुए धवन ने इस मैच के साथ अपनी फिटनेस साबित की। उन्होंने आतिशी पारी खेलते हुए 2 छक्के और 16 चौके लगाए। शानदार शतक भी पूरा किया।
इससे पहले भारत गेंदबाजों की ओर से वरुण एरॉन और जयंत यादव ने 4-4 विकेट झटके। जबकि ईश्वर पांडे और अभिमन्यु मिथुन को एक-एक सफलता मिली।
वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम में जगह पाने में नाकाम रहे ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा पहले दिन गेंदबाजी में कमाल नहीं कर सके। उन्होंने 9 ओवर में बिना किसी सफलता के 35 रन लुटाए।
एरॉन और यादव की जोड़ी ने किया कमाल
इससे पहले शिखर धवन की कप्तानी में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। जो टीम के हित में रहा।
दूसरे ओवर में ही वरुण एरॉन ने सौम्य सरकार को बिना खाता खोले आउट किया। दूसरे सलामी बल्लेबाज अनामुल हक भी खाता नहीं खोल सके। वह ईश्वर पांडे का शिकार हुए।
भारतीय गेंदबाजों का जलवा इस कदर रहा कि मेहमान टीम के 8 बल्लेबाजों ने कुल 6 रन बनाए। टीम के 6 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके।
हालांकि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने उतरे बांग्लादेशी बल्लेबाज शबीर रहमान (नाबाद 122) ने एक छक्का और 23 चौके लगाकर शतक जमाया और वह कुछ देर भारतीय गेंदबाजों को को परेशान करने में कामयाब रहे। लेकिन दूसरी छोर पर बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर रहमान का साथ नहीं दे सके।