विजय हजारे ट्रॉफी: गुजरात ने दिल्ली और कर्नाटक ने पुडुचेरी को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
कप्तान ध्रुव शौरी के 91 रन पर भारी पड़ी पार्थिव पटेल और प्रियांक पंचाल की तूफानी अर्धशतकीय पारी। गुजरात की टीम दिल्ली को छह विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच गई। रविवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में दिल्ली को गुजरात के हाथों वीजेडी पद्धति से छह विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 223 रन पर सिमट गई। ध्रुव को दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। उन्होंने अपनी पारी में 109 गेंदों का सामना कर सात चौके और दो छक्के जड़े। शिखर धवन खाता भी नहीं खोल पाए। वह आठ गेंदों का सामना कर चिंतन गाजा का शिका बने। नीतीश राणा (33), हिम्मत सिंह (26) और ललित यादव (28) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी नहीं बदल सके। गुजरात के लिए चिंतन गाजा और अरजान नगवास्वल्ला ने तीन-तीन विकेट झटके।
जवाब में गुजरात को 49 ओवर में 225 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने कप्तान पार्थिव पटेल (76) और प्रियांक पांचाल (80) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 150 रन की साझेदारी से 37.5 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। ध्रुव रावल नाबाद 34 और अक्षर पटले ने नाबाद 13 रन की पारी खेली। दिल्ली के लिए सिमरनजीत सिंह ने दो, जबकि मनन और पवन नेगी ने एक-एक विकेट लिया। मैच के दौरान खराब मौसम के कारण खेल रोकना पड़ा और मैच को 49 ओवर का कर दिया गया।
कर्नाटक ने पुडुचेरी को हराया
प्रवीण (3/44) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद लोकेश राहुल (90), देवदत्त पडिक्कल (50) और रोहन कदम (50*) की अर्द्धशतकीय पारियों से कनार्टक ने पुडुचेरी को 54 गेंद शेष रहते आठ विकेट से रौंदकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। कर्नाटक ने 207 रन के लक्ष्य को 41 ओवर में दो विकेट पर 213 रन बनाकर हासिल कर लिया। इससे पहले पुडुचेरी की टीम सागर द्विवेदी (54) और विकनेश्वरन मारीमुथु (58) की अर्द्धशतकीय पारियों के बावजूद नौ विकेट पर 207 रन ही बना पाई।