IPL 2019: कोलकाता ने पंजाब को 7 विकेट से रौंदा, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार
शुभमन गिल (65* रन, 49 गेंद, 5 चौके और 2 छक्के) की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत कोलकाता ने शुक्रवार को इंडियन टी-20 लीग के 52वें मुकाबले में पंजाब को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने 3 विकेट खोकर 12 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। कोलकाता की तरफ से गिल के अलावा क्रिस लिन ने 46 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, पंजाब की तरफ से मोहम्मद शमी, एंड्रयू टाई और कप्तान अश्विन ने 1-1 विकेट झटके।
इस जीत के साथ ही कोलकाता की टीम अंकतालिका में 12 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, पंजाब की यह लगातार तीसरी हार है। पंजाब की टीम 10 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। शानदार पारी खेलने के लिए युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 5.6 ओवर में एंड्रयू टाई ने कोलकाता को सलामी बल्लेबाज क्रिस लिन के रूप में पहला झटका दिया। टाई ने खुद की गेंद पर कैच लेते हुए उन्हें डगआउट भेजा। लिन ने 22 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 46 रन बनाए। पहले विकेट के लिए गिल और लिन के बीच 62 रन की साझेदारी हुई।
लिन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा 22 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान अश्विन ने उन्हें मयंक अग्रवाल के हाथों कैच आउट कराया। 14.5 ओवर में कोलकाता को आंद्रे रसेल (24) के रूप में बड़ा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने उन्हें टाई के हाथों कैच आउट कराया। चौथे विकेट के लिए रसेल ने गिल के साथ 50 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की।
इससे पहले निकोलस पूरन (48) और सैम करन (55*) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पंजाब ने कोलकाता के सामने जीत के लिए 184 रन का लक्ष्य रखा।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब टीम की शुरुआत खराब रही। महज 13 रन के स्कोर पर केएल राहुल (2) के रूप में पहला झटका लगा। संदीप वॉरियर ने राहुल को क्रिस लिन के हाथों कैच आउट कराया। केएल राहुल के आउट होने के कुछ ही देर बाद वॉरियर ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर पंजाब के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल (14) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने गेल को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
यहां से मयंक अग्रवाल और निकोलस पूरन की जोड़ी ने पारी को संभाला और पंजाब के स्कोर को 90 के पार पहुंचाया। मगर 10.5 ओवर में नितीश राणा ने निकोलस पूरन को संदीप वॉरियर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। पूरन ने 27 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 48 रन की शानदार पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए पूरन और मयंक के बीच 69 रन की साझेदारी हुई।
13.3 ओवर में मयंक अग्रवाल 36 रन बनाकर रनआउट हो गए। 17.3 ओवर में हैरी गर्नी ने मंदीप सिंह (25) को उथप्पा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद आंद्रेस रसेल ने कप्तान आर अश्विन (0) को क्लीन बोल्ड कर पंजाब को छठा झटका दिया। कोलकाता की तरफ से संदीप वारियर ने 2, जबकि गर्नी, रसेल और राणा ने 1-1 विकेट हासिल किए।
दोनों टीमें इस प्रकार हैंः
पंजाब: केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, निकोलस पूरन, प्रभसिमरन सिंह, सैम करन, आर अश्विन (कप्तान), एम अश्विन, एंड्रयू टाय, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।
कोलकाताः क्रिस लिन, शुभमन गिल, रॉबिन उथप्पा, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, पीयूष चावला, हैरी गर्नी, संदीप वॉरियर।