लॉर्ड्स की राह पर चला कोलकाता का ईडन गार्डंस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन गार्डंस 'क्रिकेट का मक्का' कहे जाने वाले लॉर्ड्स की राह पर चल निकला है और वहां की एक अनोखी परंपरा को अपने यहां शुरू करने जा रहा है।
लॉर्ड्स की तर्ज पर अब ईडन गार्डंस पर भी घंटी बजाकर टेस्ट मैच के शुरुआत की घोषणा की जाएगी। ईडन गार्डंस में पहली बार घंटी बजाकर मैच की शुरुआत की जाएगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता में 30 सितंबर से खेला जाएगा। ईडन में घंटी बजाने के परंपरा की शुरुआत टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर कपिल देव करेंगे।
बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के संयुक्त सचिव अविशेक डालमिया ने इस बार की पुष्टि करते हुए कहा, "यह सौरव गांगुली (कैब अध्यक्ष) का विचार था और कपिल देव टेस्ट मैच के सुबह घंटी बजाने को राजी हो गए हैं।"
लॉर्ड्स में किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, प्रशासक या खेल के प्रति दीवानगी रखने वाले के जरिए 5 मिनट तक घंटी बजाकर टेस्ट मैच के शुरुआत की घोषणा की जाती है। इस ऐतिहासिक मैदान पर इस परंपरा की शुरुआत 2007 में हुई थी। कैब अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अगले टेस्ट से इस तरह की अनोखी परंपरा की शुरुआत करने का फैसला लिया।
अभिषेक डालमिया ने आगे कहा, "सिल्वर कोटेड इस बड़ी घंटी को ईडन क्लाक के पास टांगा जाएगा और इसे अगले कुछ दिनों में लगा दिया जाएगा।"
250वें टेस्ट पर दोनों टीमों को मिलेंगे चांदी के सिक्के
इस बीच बीसीसीआई ने पत्र लिखकर बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) को बताया है कि ईडन टेस्ट टीम इंडिया का घरेलू मैदान पर 250वां टेस्ट मैच होगा। बोर्ड अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने तय किया है कि इस अवसर पर दोनों टीमों को सम्मानित किया जाएगा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को 100-100 ग्राम के वजन के चांदी के सिक्के दिए जाएंगे।
अभिषेक डालमिया ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष अनुराग ठाकुर एक अक्टूबर को कोलकाता पहुंच रहे हैं। और टेस्ट के तीसरे दिन देश में 250वां टेस्ट मैच होने का कारण दोनों टीमों को सम्मानित किया जाएगा। कैब ने इस ऐतिहासिक मैच में टॉस के लिए खासतौर पर सोने का सिक्का भी बनवाया है।
भारत और न्यूजीलैंड की टीमें मंगलवार की शाम को कोलकाता पहुंच रही हैं। 3 मैचों की सीरीज में मेजबान भारत ने कानपुर टेस्ट जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली है।