वर्ल्ड चैंपियन बनने में ऑस्ट्रेलिया की राह में आया 'नया रोड़ा'
वर्ल्ड कप 2015 में अब सिर्फ 12 दिन शेष रह गए है। इसमें भाग ले रही 14 टीमें विश्व कप का खिताब जीतने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगाएंगी। इसमें कोई शक नहीं कि क्रिकेट के इस महायुद्ध में सभी टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।
आईसीसी ने दावा किया है कि करोड़ो लोगों का साक्षी बनने के साथ्ा-साथ्ा वर्ल्ड कप 2015 पिछले वर्ल्ड कप की तुलना में अधिक रोमांचकारी होगा। भरपूर रोमांच देने वाले क्रिकेट के महाकुंभ में सभी टीमें ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी।
वहीं, अपनी सरजमीं में वर्ल्ड कप जीतने का सपना देख रही ऑस्ट्रेलिया टीम इस बार खिताब की सबसे प्रबल दावेदार है। लेकिन इन सब के बीच टीम को एक बड़ा झटका लगा है जिससे उनका यह ख्वाब टूट भी सकता है।
फॉकनर है ऑस्ट्रेलिया की चिंता का कारण
ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान माइकल क्लार्क हाल ही में कंधे की सर्जरी के बाद चोट से उबरे है। उनकी वापसी के बाद टीम में काफी उत्साह था, लेकिन अब टीम के ऑलराउंडर जेम्स फॉकनर की इंजरी टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।
त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ गेंदबाजी के दौरान फॉकनर के हाथ में चोट लग गई। चोट से वह दर्द से काफी छटपटा रहे थे। उन्हें तुंरत ड्रेसिंग रुम भेजा गया। सूत्रों के अनुसार उनकी इंजरी गम्भीर हो सकती है।
आपको बता दें कि कंगारू टीम के ऑलराउंडर फॉकनर टीम के जीताऊ खिलाड़ी है। त्रिकोणीय सीरीज के दौरान उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से मैदान में अपना जौहर दिखाया। अगर वर्ल्ड कप तक वह इंजरी से नहीं उबर पाते हैं तो निश्चित ही टीम के लिए यह बड़ी चिंता का विषय है।