फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2025 RCB vs SRH Result: Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad Key Highlights Analysis Points

RCB vs SRH: सनराइजर्स से मिली हार से आरसीबी की शीर्ष 2 में बने रहने की संभावनाओं को झटका, तीसरे स्थान पर खिसकी

Fri, 23 May 2025 11:47 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Fri, 23 May 2025 11:47 PM IST
सार

आरसीबी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है, लेकिन इस हार से उसके शीर्ष दो में जगह मजबूत करने की संभावनाओं को झटका लगा है।

विज्ञापन
IPL 2025 RCB vs SRH Result: Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad Key Highlights Analysis Points
हैदराबाद बनाम आरसीबी - फोटो : IPL/BCCI

विस्तार

सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 42 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन की दमदार पारी से 20 ओवर में छह विकेट पर 231 रन बनाए। जवाब में फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन आरसीबी की टीम 19.5 ओवर में 189 रन पर ऑलआउट हो गई। आरसीबी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है, लेकिन इस हार से उसके शीर्ष दो में जगह मजबूत करने की संभावनाओं को झटका लगा है।
विज्ञापन

पंजाब को तालिका में पहुंचा फायदा
आरसीबी की हार से पंजाब किंग्स को तालिका में फायदा पहुंचा है और वह आरसीबी को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात की टीम 13 मैचों में 18 अंक लेकर शीर्ष पर बनी हुई है। पंजाब और आरसीबी दोनों के 17-17 अंक हैं, लेकिन पंजाब के दो मुकाबले शेष हैं, जबकि आरसीबी को ग्रुप चरण में अब सिर्फ एक ही मैच खेलना है। मुंबई इंडियंस की टीम 13 मैचों में 16 अंक लेकर चौथे स्थान पर बनी हुई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

कोहली-सॉल्ट ने दिलाई शानदार शुरुआत 
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली और सॉल्ट ने आरसीबी को शानदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने सनराइजर्स को पावरप्ले तक कोई सफलता हासिल नहीं करने दी। आरसीबी ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 72 रन बनाए। हर्ष दुबे ने विराट कोहली को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दिया। कोहली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक के करीब थे, लेकिन 25 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने सॉल्ट के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। 
विज्ञापन

सॉल्ट का पचासा 
कोहली के आउट होने के बावजूद सॉल्ट ने रन गति धीमी नहीं पड़ने दी। आरसीबी ने विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और नौ ओवर के अंदर ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। आरसीबी के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। सॉल्ट का इस सीजन यह तीसरा पचासा है और दिलचस्प बात यह है कि तीनों अर्धशतक लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाए हैं। इस बीच, नीतीश रेड्डी ने मयंक अग्रवाल को आउट कर आरसीबी को दूसरा झटका दिया जो 11 रन बनाकर आउट हुए। 

पैट कमिंस ने फिल सॉल्ट को आउट कर आरसीबी को तीसरा झटका दिया। सॉल्ट 32 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। यहीं से आरसीबी की पारी लड़खड़ा गई और उसने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने शुरू कर दिए। आरसीबी ने 15 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 167 रन बनाए थे। उसे उस वक्त जीत के लिए 30 गेंदों पर 65 रन बनाने थे, लेकिन सनराइजर्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। पहले रजत पाटीदार रन आउट हुए, फिर ईशान मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रोमारियो शेफर्ड को अपनी ही गेंद पर कैच लेकर आउट किया। शेफर्ड खाता खोले बिना आउट हुए। 

आरसीबी को इसके बाद जितेश शर्मा के रूप में छठा झटका लगा। जितेश 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए। जितेश को जयदेव उनादकट ने अपना शिकार बनाया। वहीं, ईशान मलिंगा ने टिम डेविड को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को सातवीं सफलता दिलाई। फिर पैट कमिंस ने भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या को पवेलियन भेजा। क्रुणाल हिट विकेट हुए। सनराइजर्स के लिए कमिंस ने तीन विकेट झटके, जबकि मलिंगा ने दो विकेट लिए। इन दोनों के अलावा जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी को एक-एक विकेट मिला। 

ईशान ने दिखाया दम
इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी के सामने विशाल लक्ष्य रखा। ईशान ने 48 गेंदों पर सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 94 रन बनाए। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। लुंगी एनगिडी ने अभिषेक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा जिन्होंने 17 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। 

इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने ट्रेविस हेड को पवेलियन भेजा जो 10 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाए। इसके बाद हेनरिच क्लासेन और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी। इस साझेदारी को सुयश शर्मा ने क्लासेन को आउट कर तोड़ा जिन्होंने 13 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। इसके बाद ईशान का साथ देने अनिकेत वर्मा आए और उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की। अनिकेत नौ गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश रेड्डी इस मैच में प्रभावित नहीं कर सके और चार रन बनाकर रोमारियो शेफर्ड का शिकार बनें। शेफर्ड ने फिर अभिनव मनोहर को आउट किया जो 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

ईशान टिके रहे और लगातार बड़े शॉट खेलकर टीम की रन गति को धीमी नहीं पड़ने दिया। ईशान की बल्लेबाजी की मदद से ही सनराइजर्स 230 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। पैट कमिंस छह गेंदों पर एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। आरसीबी की ओर से शेफर्ड ने दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर, एनगिडी, सुयश और क्रुणाल को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed