IPL 2025: डायलिसिस से गुजर रहे हैं प्रभसिमरन सिंह के पिता सुरजीत, तभी मुस्कुराते हैं जब बेटा बल्लेबाजी करता है
सतविंदर ने बताया कि सुरजीत जब अपने बेटे प्रभसिमरन को बड़े शॉट लगाते देखते हैं तो वह टीवी के सामने चिल्लाते हुए कहते हैं कि उन्हें सावधानी से खेलना चाहिए।
विस्तार
सुरजीत सिंह के भाई सतविंदरपाल सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, 'इन दिनों वह केवल तभी मुस्कुराते हैं जब वह प्रभसिमरन को आईपीएल में बल्लेबाजी करते हुए देखते हैं। वह सप्ताह में तीन बार डायलिसिस से गुजर रहे हैं। एक बड़े भाई के रूप में मैं उन्हें इस तरह के दर्द में नहीं देख सकता। वह कष्ट सहन कर रहे हैं। जब डॉक्टर डायलिसिस के लिए घर आते हैं तो मुझे घर से बाहर निकलना पड़ता है। एक दिन भी ऐसा नहीं गया है जब मैंने प्रार्थना नहीं की है मेरे छोटे भाई को इतनी पीड़ा मत दो। सतविंदरपाल ने अपने बेटों अनमोलप्रीत सिंह और तेजप्रीत सिंह के साथ प्रभसिमरन की भी खूब देखभाल की है।
जहां प्रभसिमरन अपने बल्ले से पूरे देश में राज कर रहे हैं, वहीं उनके पिता और चाचा पटियाला में टीवी के सामने बैठकर उनके प्रदर्शन का आनंद ले रहे हैं। सतविंदर ने बताया कि सुरजीत जब अपने बेटे प्रभसिमरन को बड़े शॉट लगाते देखते हैं तो वह टीवी के सामने चिल्लाते हुए कहते हैं कि उन्हें सावधानी से खेलना चाहिए। उन्होंने कहा, 'पंजाब किंग्स के हर मैच से पहले मैं उन्हें लिविंग रूम में ले जाता हूं। हम एक साथ मैच देखते हैं और हर बार जब कैमरा सिम्मू (प्रभसिमरन) पर होता है, तो वह मुस्कुराते हैं। सिम्मू स्कोर करता है तो वह मुस्कुराते और हंसते हैं। उन क्षणों में वह अपने दर्द को भूल जाते हैं। अगर सिम्मू तेज शॉट खेलता है, तो वह चिल्लाते हैं- समझदारी से खेलो।'
Sent the ball to enjoy the view 🏔😍
— IndianPremierLeague (@IPL) May 4, 2025
Shashank Singh and Prabhsimran Singh with an entertaining partnership tonight 💪
Scorecard ▶ https://t.co/YuAePC273s#TATAIPL | #PBKSvLSG pic.twitter.com/9WqFWRd3zt
सतविंदर के मुताबिक, लखनऊ के खिलाफ 91 रन की पारी के बाद जब प्रभसिमरन ने अपने पिता को शतक चूकने के बारे में बताया तो सुरजीत ने उन्हें डांट भी लगाई। सतविंदर पाल ने हंसते हुए कहा, 'सिम्मू ने सुरजीत के बारे में अपडेट लेने के लिए सोमवार सुबह वीडियो कॉल किया। मेरे भाई ने उसे यह कहकर जवाब दिया कि शतक के इतने करीब पहुंचने के बाद उसने अपना विकेट क्यों फेंका। सिम्मू पर चिल्लाते हुए, जब वह सांस लेने के लिए रुके तो हांफने लगे। इसके बाद मुझे हस्तक्षेप करना पड़ा। फिर मैंने उन्हें बच्चे की प्रशंसा करने के लिए कहा, क्योंकि वह इतना अच्छा खेल रहा है।'
प्रभसिमरन ने इस सीजन अब तक पंजाब के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 11 मैचों में 39.73 की औसत और 170.04 के स्ट्राइक रेट से 437 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 45 चौके और 24 छक्के लगाए हैं। वह इस सीजन अब तक चार अर्धशतक लगा चुके हैं। प्रभसिमरन इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतरकर मैच में गजब का इम्पैक्ट डाल रहे हैं। पंजाब की टीम फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने 11 में से सात मैच जीते हैं, जबकि तीन में उन्हें हार मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा। पंजाब के 15 अंक हैं।