Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2025 KKR vs RR Result: Kolkata Knight Riders vs Rajasthan Royals Key Highlights Analysis Points Table Upda

KKR vs RR: केकेआर ने आईपीएल में दूसरी बार एक रन से दर्ज की जीत, 2019 से पहली बार घर में राजस्थान को हराया

Sun, 04 May 2025 07:51 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 04 May 2025 07:51 PM IST
सार

केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के लिए कप्तान रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी।

विज्ञापन
IPL 2025 KKR vs RR Result: Kolkata Knight Riders vs Rajasthan Royals Key Highlights Analysis Points Table Upda
केकेआर - फोटो : IPL/BCCI

विस्तार

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया। केकेआर और राजस्थान के बीच यह मुकाबला बेहद करीबी रहा और आखिरी में कोलकाता में टीम महत्वपूर्ण जीत दर्ज करने में सफल रही। केकेआर ने इस तरह प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखी है। आईपीएल में यह दूसरी बार है जब केकेआर ने एक रन से कोई मुकाबला जीता है। इससे पहले उसने पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को भी इसी अंतर से हराया था। 
विज्ञापन
Trending Videos

केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के लिए कप्तान रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी। यह केकेआर की आईपीएल में सबसे कम अंतर से जीत है। वहीं, 2019 से कोलकाता ने पहली बार राजस्थान को अपने घरेलू मैदान ईडेन गार्डेंस पर हराया है। 2008 से 2018 से केकेआर ने राजस्थान को अपने घरेलू मैदान पर छह मैच जीते, जबकि एक गंवाया। वहीं, 2019 से राजस्थान ने केकेआर को ईडेन गार्डेंस पर लगातार तीन बार हराया था, लेकिन इस सीजन कोलकाता यह तिलिस्म तोड़ने में सफल रही। 
विज्ञापन
विज्ञापन

प्लेऑफ की उम्मीदें कायम
गत चैंपियन केकेआर की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी कायम हैं। केकेआर के 11 मैचों में पांच जीत, पांच हार और एक बेनतीजा के साथ 11 अंक हैं और वह अंक तालिका में छठे स्थान पर है। दूसरी ओर, पहले ही अंतिम चार की दौड़ से बाहर हो चुकी राजस्थान की टीम आठवें स्थान पर है। राजस्थान ने 12 मैचों में तीन में जीत दर्ज की और उसे नौ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। 

ये भी पढ़ें: KKR vs RR: रियान पराग ने केकेआर के खिलाफ छह गेंदों पर जड़े छह छक्के, हेटमायर के साथ की शानदार साझेदारी
विज्ञापन

अच्छी नहीं रही राजस्थान की शुरुआत 
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 71 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद रियान पराग ने शिमरॉन हेटमायर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की और टीम को मुश्किल से उबारा। रियान ने इस दौरान मोईन अली के ओवर पर लगातार पांच छक्के लगाए। इस साझेदारी को हर्षित राणा ने हेटमायर को आउट कर तोड़ा जो 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद हर्षित ने रियान को भी अपना शिकार बनाया। रियान शतक पूरा नहीं कर सके और 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

आखिरी ओवर में चाहिए थे 22 रन 
राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे और क्रीज पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे और जोफ्रा आर्चर मौजूद थे। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वैभव अरोड़ा को गेंद थमाई। आर्चर ने पहली गेंद पर दो रन और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। स्ट्राइक पर आए शुभम ने तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। अब राजस्थान को एक गेंद पर तीन रन चाहिए थे। वैभव की गेंद पर शुभम ने एक रन चुराया और दूसरा रन लेने के लिए भागे, लेकिन रिंकू सिंह के थ्रो पर रन आउट हो गए। इस तरह केकेआर ने रोमांचक जीत दर्ज की। 

राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल ने 34 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे 14 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद लौटे। आर्चर 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने चार रन बनाए और कुणाल सिंह राठौर, ध्रुव जुरेल और वानिंदु हसरंगा खाता भी नहीं खोल सके। केकेआर की ओर से मोईन, हर्षित और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वैभव को एक विकेट मिला। 

रसेल ने खेली विस्फोटक पारी 
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर के लिए आंद्रे रसेल ने आतिशी पारी खेली। रसेल ने 25 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए, जबकि रिंकू ने छह गेंदों पर एक चौका और छक्के के सहारे नाबाद 19 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 13 रन के स्कोर पहला विकेट गंवाया। युद्धवीर सिंह ने सुनील नरेन को बोल्ड किया जो नौ गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 11 रन बनाए। इसके बाद कप्तान अंजिक्य रहाणे और रहमानुल्लाह गुरबाज ने दूसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी कर केकेआर को संभाला। गुरबाज अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन महेश तीक्ष्णा ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। गुरबाज 25 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। 

रहाणे हालांकि पारी संभाले रहे जिनका साथ अंगकृष रघुवंशी ने बखूबी दिया। रहाणे रियान पराग की गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रसेल उतरे और उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की। रसेल ने राजस्थान के गेंदबाजों को निशाने पर लिया और वह आज पुरानी फॉर्म में नजर आए। रसेल ने 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो उनका इस सीजन का पहला अर्धशतक रहा। राजस्थान ने अंतिम ओवर डालने के लिए आकाश मधवाल को भेजा, लेकिन उन्होंने पहली तीन गेंद वाइड फेंकी। रसेल ने फिर एक रन लिया और स्ट्राइक रिंकू के पास आई। रिंकू ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और एक चौका और दो छक्के लगाए जिससे टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, युद्धवीर, तीक्ष्णा और रियान ने एक-एक विकेट लिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed