IPL 2021: विराट इस सत्र के बाद छोड़ेंगे आरसीबी की कप्तानी, इस पूर्व क्रिकेटर को हुई हैरानी, टीम को लेकर कही यह बात
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने इस सत्र के बाद आईपीएल में कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने आरसीबी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कहा कि आईपीएल 2021 के बाद वह आरसीबी की कप्तानी छोड़ देंगे। इससे पहले विराट टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की कप्तानी छोड़ने के एलान कर चुके हैं।
विस्तार
दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली ने एक ही सप्ताह के भीतर दो टीमों की कप्तानी छोड़ने के निर्णय लिया है। बीते सप्ताह उन्होंने घोषणा की थी कि वह सुंयुक्त अरब अमीरात संघ और ओमन में खेले जाने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप के बाद टी-20 इंटरनेशनल से टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ देंगे। अभी विराट के इस फैसले पर चर्चा थमी नहीं थी कि उन्होंने रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी छोड़ने का एलान कर दिया। आरसीबी ने कोहली का एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने कहा कि कप्तान के रूप में साल 2021 आईपीएल उनका आखिरी सत्र होगा। उनके इस फैसले पर हैरानी जताते हुए पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बयान दिया है।
आईपीएल में सिर्फ आरसीबी के लिए खेलेंगे
विराट कोहली ने वीडियो में कहा, जब तक वह आईपीएल खेले रहे हैं वह सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलेंगे, वह किसी और टीम के साथ खेलने के बारे में सोच नहीं सकते। विराट सात साल से इस टीम के कप्तान हैं, उन्होंने फ्रंट से टीम को लीड किया है। हालांकि यह दुर्भाग्य रहा कि उनकी कप्तानी में आरसीबी फाइनल में पहुंचने के बावजूद खिताब नहीं जीत सकी। विराट ने कप्तानी छोड़ने के फैसला आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में आरसीबी के सफर की शुरुआत से पहले सुनाया।
गौतम गंभीर को हुई हैरानी
विराट द्वारा आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तान छोड़ने का एलान करने के बाद पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने उनके इस फैसले पर हैरानी जताई है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे विराट के इस फैसले पर हैरानी हुई है, टूर्नामेंट के दूसरे चरण से ठीक पहले यह फैसला लेना, आप चाहते तो टूर्नामेंट खत्म होने के बाद यह निर्णय ले सकते थे, इससे टीम में थोड़ी अस्थिरता आएगी और वह भावुक भी हो सकती है।
आरसीबी की स्थिति बेहतर
गौतम गंभीर ने आगे कहा कि आईपीएल 2021 में आरसीबी की स्थिति काफी बेहतर है, ऐसे में आप क्यों टीम पर अतिरिक्त दबाव डालना चाहते हैं, कोहली पर खिताब जीतने के लिए अतिरिक्त दबाव होगा, आप किसी एक के लिए खिताब नहीं जीतना चाहते हैं, आप पूरी फ्रेंचाइजी के लिए यह करना चाहते हैं, अगर विराट को ऐसा करना ही था तो वह टूर्नामेंट के बाद भी यह फैसला ले सकते थे। मौजूदा समय में आरसीबी अंकतालिका में तीसरे नंबर पर हैं और उसे अभी सात मैच खेलना बाकी है। पहले सत्र में जिस तरह आरसीबी ने प्रदर्शन किया उसे देखते हुए उसका प्ले ऑफ में पहुंचना तय है।