IPL 2021: सामने आई तारीख, 19 सितंबर से शुरू होगा टूर्नामेंट, 15 को फाइनल!
- 19 सितंबर से खेले जाएंगे आईपीएल 2021 के बाकी बचे मुकाबले
- खिताबी मुकाबला 15 अक्तूबर को होगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईपीएल 2021 के बाकी बचे मुकाबले 19 सितंबर से यूएई में खेले जाएंगे, जबकि इसका फाइनल 15 अक्तूबर को होगा। सोमवार को इसकी जानकारी बीसीसीआई के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनाआई को दी। अधिकारी ने कहा कि, बीसीसीआई और अमीरात क्रिकेट बोर्ड के बीच टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर अच्छी बातचीत हुई। भारतीय बोर्ड को भरोसा है कि आईपीएल के बाकी बचे 31 मैच दुबई, शारजाह और अबु धाबी में खेले जाएंगे।
अधिकारी ने कहा, 'चर्चा वास्तव में अच्छी रही और अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई की एसजीएम से पहले आईपीएल की मेजबानी के लिए मौखिक मंजूरी दे दी थी। आईपीएल 19 सितंबर से फिर से शुरू होगा। फाइनल 15 अक्तूबर को होगा। बीसीसीआई हमेशा से बचे मैचों को खत्म करने के लिए 25 दिन का समय चाहता था।' वहीं, विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर अधिकारी ने कहा कि, इस पर बीसीसीआई की अन्य देशों के क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत जारी है और भारतीय बोर्ड को सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि ज्यादातर विदेशी खिलाड़ी उपलब्ध होंगे।
10 के बदले पांच या छह डबल हेडर
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, '15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक का समय है। शुरुआत में बीसीसीआई 10 डबल हैडर के बारे में सोच रहा था। लेकिन सितंबर के तीसरे और चौथे हफ्ते में दोपहर में 10 मुकाबले इतने कम समय में खिलाड़ियों के लिए काफी थकाऊ हो सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'इसलिए अगर शुक्रवार 15 अक्तूबर को चुना जाए तो यह भारत में सप्ताहांत की शुरुआत होगी और दुबई में छुट्टी का दिन जिससे प्रशंसकों को मैदान पर आकर कड़े क्रिकेट का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। इससे दो उद्देश्य हासिल होंगे। साथ ही डबल हेडर की संख्या भी 10 से घटकर पांच या छह ही रह जाएगी।'
IPL 2021 को चार मई को स्थगित कर दिया गया था
बता दें कि कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद आईपीएल के 14वें सीजन को चार मई को स्थगित कर दिया गया था। दो मई तक कुल 29 मुकाबले खेले गए थे। आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स पां मैचों में जीत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी पांच मैचों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।