IPL 2021: मोईन अली आईपीएल फाइनल जीतने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी, खिताबी मुकाबले में खेली थी तूफानी पारी
मोइन अली इंग्लैंड के इकलौते खिलाड़ी हैं जो आईपीएल का खिताब जीतने में सफल रहे। शुक्रवार को दुबई में सीएसके और केकेआर के बीच खेले गए आईपीएल फाइनल मुकाबले में उन्होंने 37 रनों की तेज-तर्रार पारी खेली थी।
विस्तार
इंडियन प्रीमियर लीग 2021 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 27 रनों से हराया। इस जीत के साथ सीएसके चौथी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने में सफल रहा। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए तीन विकेट पर 192 रनों का स्कोर बनाया। बाद में जीत के लिए 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बना पाई। यह मैच सीएसके के ऑलराउंडर मोईन अली के लिए खास रहा। आईपीएल इतिहास में वह खिताब जीतने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी बन गए।
मोईन ने खेली तूफानी पारी
इस फाइनल मुकाबले में मोईन अली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए थे। अपनी पारी के दौरान उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। उनकी धुआंधार पारी के चलते सीएसके ने तीन विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। मोईन के अलावा फाफ डुप्लेसी ने 86 रनों की पारी खेली। जबकि, ऋतुराज गायकवाड़ 32 और रॉबिन उथप्पा 31 रन बनाकर आउट हुए।
मोईन ने की सीएसके की तारीफ
2019 क्रिकेट विश्व कप विजेता इंग्लैंड टीम का हिस्सा रहे मोईन अली चेन्नई सुपर किंग्स की खिताबी जीत पर इतना खुश थे कि बातचीत के दौरान बोलते हुए उनके शब्द लड़खड़ा रहे थे। मैच के बाद मोइन अली ने कहा, यह आश्चर्यजनक है और मैं वास्तव में इसका वर्णन नहीं कर सकता, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं आईपीएल जीतूंगा और इस टीम के साथ ऐसा करना वाकई अद्भुत है, मुझे कुछ मैचों के लिए पहले बाहर किया गया था, मुझे लगता है कि यह एक ऐसी जमीन से जुड़ी और विनम्र टीम है जिसका हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगता है।
आईपीएल 2021 में मोईन अली
मोईन अली के लिए आईपीएल 2021 बेहद शानदार रहा। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सत्र में वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी में काफी सफल रहे। इस दौरान उन्होंने कई बार उपयोगी पारियां खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। इंडियन प्रीमियर लीग 2021 में उन्होंने 357 रन बनाए। इसके अलावा वह छह विकेट लेने में सफल रहे। आईएल के नजरिए से देखा जाए तो यह मोईन अली का सबसे अच्छा सीजन रहा।