IPL 2020: खिलाड़ी ने तोड़ा बायो-सिक्योर बबल! चेन्नई सुपर किंग्स प्रबंधन ने दी सफाई
कोरोना काल में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। खबर है कि चेन्नई सुपर किंग्स के पेसर ने बायो-बबल प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। हालांकि छह दिन क्वारंटीन में बिताने के बाद वह दोबारा टीम के साथ जुट चुके हैं। मामले में नया मोड़ तब आया जब टीम के सीईओ कासी विश्वनाथन ने खबर ही खारिज कर दी। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान विश्वनाथन ने बताया कि टीम के होटल में एक अलग क्षेत्र है, जो खिलाड़ियों और स्टाफ की मदद के लिए बना है और वहां काम करने वाले स्टाफ सदस्यों की लगातार जांच की जाती है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के पेसर केएम आसिफ के कमरे की चाबी खो गई थी और उसकी जगह दूसरी चाबी लेने वह होटल के रिसेप्शन पर चले गए। कोरोना खतरनाक वायरस है, जिससे बचने के लिए खिलाड़ियों और टीम स्टाफ को सुरक्षित वातावरण में रखा गया है, जिसमें कोई बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकता। हालांकि यह अनजाने में की गई गलती थी, लेकिन नियमों का पालन तो करना ही होगा, इससे पहले भी चेन्नई सुपरकिंग्स के दो खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ और दीपक चाहर समेत 13 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
CSK के सीईओ कासी विश्वनाथन ने खबर की खारिज किया
विश्वनाथन ने इसे अधूरा सच बताया और मामले में टीम की ओर से अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि, 'यह सच है चाबी खो गई थी और आसिफ दूसरी चाबी भी लेने गए थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट की सेवा के लिए एक अलग टीम बनाई गई है, वो सामान्य स्टाफ नहीं बल्कि उसी निर्धारित डेस्क पर गए थे। मामले को जबरदस्ती तूल दिया जा रहा है। खिलाड़ियों के अब तक 14 जांच हो चुके हैं। आसिफ भी उसका हिस्सा थे, वो भी निगेटिव हैं। होटल स्टाफ का भी हर रोज जांच हो रही है।'