दो खिताब जीतने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स पिछले सीजन में फाइनल की दहलीज तक पहुंची थी। जहां क्वालिफायर्स-2 में उसे सनराइजर्स हैदराबाद से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार टीम पांच साल के खिताब के इंतजार को खत्म करना चाहेगी।
IPL 2019: क्या है केकेआर की ताकत और कमजोरी, खत्म होगा पांच साल का सूखा?
दिनेश कार्तिक की अगुआई में इस साल टीम ने अपनी गेंदबाजी की और धार दी है। न्यूजीलैंड के लॉकी र्फ्ग्यूसन, इंग्लैंड के हैरी गर्नी, दक्षिण अफ्रीका के एनरिच नोर्त्जे और वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कार्लोस ब्रैथवेट को शामिल किया गया है।
तेज गेंदबाज संदीप वॉरियर और लेग स्पिनर केसी करियप्पा को चोटिल कमलेश नागरकोटि और शिवम मावी की जगह टीम में शामिल किया गया है। प्रसिद्ध कृष्णा टीम के पास पहले से ही हैं। बल्लेबाजी में क्रिस लिन, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल और नीतीश राणा पर दारोमदार रहेगा।
टीम की ताकत
कोलकाता फ्रेंचाइजी के पास सुनील नारायण, पीयूष चावला और चाइनामैन बॉलर कुलदीप यादव के रूप में शानदार स्पिन तिकड़ी है। इंग्लिश ऑलराउंडर जोए डेनली भी लेग ब्रेक गेंदबाजी का विकल्प देते हैं। सुनील नारायण आक्रामक ओपनर के रूप में अच्छी शुरुआत दिलाते रहे हैं। इसके अलावा वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल, ब्रैथवेट और एनरिच नोर्त्जे दोनों भूमिकाओं में खरा उतरने में सक्षम हैं।
टीम की कमजोरी
केकेआर की गेंदबाजी उनके लिए इस साल समस्या बन सकती है, क्योंकि टीम के दो तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी और शिवम मावी चोट के कारण पहले ही बाहर हो चुके हैं। हालांकि टीम ने नागरकोटी के स्थान पर केरल के लिए रणजी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले 27 वर्षीय तेज गेंदबाज संदीप वॉरियर को टीम में जरूर शामिल किया है।